News Update :

3 साल से गायब MP की इस IAS को DoPT ने किया रिटायर, ये बनेंगे ACS, मनोहर का VRS मंजूर

 भोपाल

 मध्यप्रदेश कॉडर की 2015 बैच की आईएएस रानी बंसल को केन्द्रीय कार्मिक, लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय ने डीम्ड रेजिग्नेशन (स्वत: त्यागपत्र) के जरिए नौकरी से हटाने के आदेश दिए हैं। रानी देवास जिले के बागली एसडीएम के पद पर पदस्थ थीं और वहां से वे बिना बताए अनुपस्थित चल रही थीं। उधर केंद्र में पदस्थ आईएएस अधिकारी मनोहर अगनानी का वीआरएस मंजूर होने से वे 6 जनवरी 23 को रिटायर होंगे।

डीम्ड रिटायर की जाने वाली रानी बंसल भोपाल की रहने वाली हैं। उनके पिता राजेन्द्र गुप्ता मेडिकल शॉप संचालक हैं। रानी ने आरजीपीवी यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया था। उस समय उन्हें कैंपस सलेक्शन में पांच लाख रुपए की जॉब मिली थी लेकिन जॉब छोड़कर उन्होंने यूपीएससी की तैयारी की। यूपीएससी में रानी ने 64 वी रैंक हासिल की थी। इसके बाद मध्यप्रदेश कॉडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अफसर बनीं और प्रदेश में सेवाएं दे रही थीं।

सीबीआई पूछताछ से चर्चा में

रानी के पति कस्टम इंस्पेक्टर हैं। वर्ष 2017 में जब वे नरसिंहपुर के गाडरवारा में पदस्थ थीं तब कालेधन को लेकर सीबीआई से पूछताछ में वे चर्चा में आई थीं। रानी पति के दोस्त कस्टम इंस्पेक्टर परमानंद सिंघानिया के मामले में सीबीआई पूछताछ के कारण चर्चा में आई थी। सिंघानिया ने उनके खाते में चौदह लाख रुपए ट्रांसफर किए थे। उस समय रानी ने बताया था कि उनके पति ने सिंघानिया को यह राशि दी थी जिसे उन्होंने वापस किया है।

एसडीएम बागली के पद पर काम करते हुए ड्यूटी से गायब 

रानी बंसल एसडीएम बागली के पद पर पदस्थ थीं। वे 31 मई 2019 से बिना बताए अनधिकृत रूप से गायब चल रही थीं। उन्होंने वर्ष 2020 और 2021 का अपना सम्पत्ति का ब्यौरा भी नहीं दिया था। सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक ने उनके पते पर कई बार उन्हें नोटिस जारी कर उनके अनुपस्थित रहने का कारण जानना चाहा लेकिन उनकी ओर से इनका कोई जवाब न आने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक ने केन्द्रीय कार्मिक लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय को उनका पूरा मामला भेजकर उनका भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वत: त्यागपत्र मंजूर करने का आग्रह किया था। डीओपीटी ने उनका स्वत: (डीम्ड) त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है।

विधायक सतीश सिकरवार ने पूछा था सवाल-

विधानसभा में इसी शीतकालीन सत्र के दौरान विधायक सतीश सिकरवार ने एक सवाल के जरिए मध्यप्रदेश के उन आईएएस अफसरों की जानकारी मांगी थी जिन्होंने अपना अचल सम्पत्ति का ब्यौरा नहीं दिया था। सामान्य प्रशासन विभाग ने बताया था कि रानी बंसल सहित तीन आईएएस ऐसे हैं। इसमें उनके ड्यूटी से गायब होने की भी जानकारी थी।

इस नियम के तहत हटाया

आईएएस रानी बंसल के बिना बताए गायब रहने और पत्राचार का कोई जवाब नहीं दिए जाने के बाद केन्द्रीय कार्मिक लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय ने अखिल भारतीय सेवा अवकाश्या नियमावली 1955 के नियम 7 (2) (क) के अनुसार रानी बंसल का भारतीय प्रशासनिक सेवा से डीम्ड त्यागपत्र स्वीकार किया। राष्ट्रपति के अनुमोदन के बाद यह आदेश जारी किया गया।

मनु श्रीवास्तव बनेंगे ACS, अगनानी की VRS मंजूर

उधर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मनु श्रीवास्तव को इस माह के अंत में मुख्य सचिव वेतनमान मिल जाएगा उन्हें अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। दूसरी ओर मध्यप्रदेश कॉडर के आईएएस मनोहर अगनानी अगले माह छह जनवरी को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति होंगे।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1988 बैच के आईएएस और उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा कृषि उत्पादन आयुक्त शैलेन्द्र सिंह  इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे है। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1991 बैच के अधिकारी तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनु श्रीवास्तव को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत करते हुए मुख्य सचिव वेतनमान दिया जाएगा। साल के अंत में इस सबंध में आदेश जारी हो जाएंगे। इधर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय दिल्ली में अपर सचिव के पद पर पदस्थ मध्यप्रदेश कॉडर के 1993 बैच के आईएएस डॉ मनोहर अगनानी छह जनवरी 2023 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनके वीआरएस के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए निर्धारित तीन माह के पूर्व नोटिस की शर्त को शिथिल करते हुए 6 जनवरी से उनका स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन स्वीकार किया है।
share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved