अरेरा कॉलोनी में डॉ.अखिलेश जैन पर चाकू से हमला करने वाले बदमाश उनका अपहरण करना चाह रहे थे। दो करोड़ की फिरौती के लिए साजिश रची गई थी। अपहरण का मास्टर माइंड बीजेपी नेता निशांत सत्संगी निकला। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 21 दिसंबर की सुबह 10 बजे की है। निशांत पहले बीएसपी नेता था। उसने भोपाल के मध्य विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ा था। लोकसभा चुनाव से पहले दिसंबर 2014 में वह भाजपा में शामिल हो गया था। टीआई हबीबगंज सुधीर अरजरिया ने बताया कि डॉ. की कार लेकर भागे बदमाशों के पीछे एक अल्टो चल रही थी, इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची है। अपहरण में उसके साथ धीरज शर्मा, नीरज जावरे और आकाश दाहिया के साथ योगेश सोलंकी शामिल था। योगेश फरार है, बाकी आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं। टीआईके अनुसार अपहरण का मास्टर माइंड निशांत 40 लाख रुपए के कर्ज में डूबा है। कर्ज से निकलने के लिए योजना बनाई थी। निशांत दो करोड़ की फिरौती लेने वाला था।
share
