News Update :

कड़की में था मामा इसलिये काटा था कर्मचारियों का एरियर, पाई-पाई का होगा भुगतान-शिवराज

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 26 जनवरी को रीवा में और फिर सतना में जनसभा के दौरान कहा कि मामा
थोड़ा कड़की में था, इसलिए कर्मचारियों का एरियर काटा। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था चौपट हो गई थी। कई महीनों तक खजाने में कोई पैसा ही नहीं आया। मेरे पास प्रस्ताव आया था कि कर्मचारियों की तनख्वाह आधी कर दें। मैंने कहा ये तो नहीं होगा। तनख्वाह में कटौती नहीं होगी। मैंने कहा एरियर वगैरह जरूर रोकना पड़े लेकिन वो भी परमानेंट नहीं रोकूंगा। धीरे धीरे शासकीय सेवकों का वेतन नियमित किया गया। उनकी एरियर्स की राशि का भी पाई-पाई भुगतान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि रीवा सहित पूरे विन्ध्य क्षेत्र के विकास के प्रयास किये जायेंगे। इसके लिये कार्य योजना बना ली गई है जिस पर तेजी से काम किया जायेगा। 
उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों के साथ भू-माफिया, खनन माफिया, नशे का कारोबार करने वाले, चिटफंड कंपनी बनाकर जनता को लूटने वाले तथा बेटियों से दुर्व्यवहार करने वालों और धर्मान्तरण कराने वाले को मध्यप्रदेश की धरती पर नहीं रहने दिया जायेगा। पूरे प्रदेश में माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि अफसरों से कहा है कि कोई गरीब का राशन खाये तो उसे तोड़ो, जेल भेजो, रहम मत खाओ। जनता को सुविधा का लाभ मिलना चाहिए। बीमार हो जाये तो गरीब आदमी कहां जाए। हमने 1 करोड़ 99 लाख नाम आयुष्मान भारत योजना में जोड़े हैं। कोई भी बिना इलाज के नही रहना चाहिए। एक्सीडेंट में मौत पर हमने फिर से पैसे देना शुरू किया जबकि कमलनाथ ने तो अंतिम संस्कार के 5 हजार भी बंद कर दिए थे।

4 साल में बनाएंगे पक्के मकान

सीएम ने कहा कि चार साल के अंदर मप्र की धरती पर सभी के पक्के मकान बना दिये जायेंगे। हमने जल जीवन मिशन के तहत 2024 तक गांव में भी हर घर में नल कनेक्शन देने का प्लान बना कर काम हो रहा है। सतना में जल जीवन मिशन समेत 330 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया है। मैं जानता हूँ कि बहनों के पास थोड़ा पैसा आ गया तो परिवार सुखी हो जाता है। अब पोषण आहार ठेकेदार नहीं महिला स्व सहायता समूह की महिलायें बनाएंगी ताकि महिला सशक्तिकरण हो। स्कूल ड्रेस भी बहने ही सिलेंगी।


share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved