भोपाल
मनरेगा के मजदूरों की हाजिरी अब कागज पर दर्ज करने के बजाय मोबाइल के जरिये जियो टैग की जाएगी और उसकी फोटो समेत उपस्थिति नरेगा पोर्टल पर दर्ज कराई जाएगी। इसके साथ ही एरिया अफसर के भ्रमण और कार्य गुणवत्ता की जांच भी जियो टैग फोटो से अपलोड की जाएगी। इसके लिए दो अलग-अलग मोबाइल एप लांच किए गए हैं। इसके माध्यम से अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण और मजदूर द्वारा की गई मजदूरी की उपस्थिति आनलाइन दर्ज की जाएगी।
एरिया आफिसर एप के माध्यम से राज्य-स्तरीय, कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा अन्य अधिकारियों द्वारा जांच करने व भ्रमण के समय मनरेगा के कार्यों की गुणवत्ता तथा उपयोगिता पर टीप की जानकारी सीधे दर्ज होगी। कार्य-स्थल से जियो टैग फोटो सहित अपलोड की जा सकेगी। अधिकारियों द्वारा किए गए दौरे तथा जांच रिपोर्ट नस्तियों पर न होकर मोबाइल पर रहेगी, जिसे पोर्टल के माध्यम से पारदर्शिता पूर्ण तरीके से आनलाइन देखा जा सकेगा। एक सप्ताह में कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को अपने जिले के कम से कम एक कार्य-स्थल की जांच रिपोर्ट एप्लीकेशन के माध्यम से अपलोड करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी प्रकार मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों की उपस्थिति कागज पर दर्ज करने के बजाए मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम एप के माध्यम से मेट/ग्राम रोजगार सहायक द्वारा दर्ज की जाएगी। यह उपस्थिति कार्य-स्थल पर प्रतिदिन सुबह 11.30 के पहले ली जाएगी। कार्य-स्थल से प्रति दिवस दर्ज मजदूरों की उपस्थिति जियो टैग फोटोग्राफ के साथ नरेगा पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी जिससे मनरेगा के कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहेगी।