News Update :

मंत्री के बयान का विरोध, BJP प्रदेश अध्यक्ष बोले, कौन सा आईफा अवार्ड, कैसा अवार्ड, हमें कोरोना से लड़ना है

भोपाल
भाजपा प्रदेश संगठन ने शिवराज सरकार की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर द्वारा कोरोना के बाद आइफा अवॉर्ड का आयोजन कराने के बयान का विरोध किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दो टूक कहा है कि कोई आइफा अवॉर्ड नहीं होगा।
 जबलपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कौन सा आईफा अवार्ड, कैसा आईफा अवार्ड, भारतीय जनता पार्टी किसी भी तरह के आईफा अवार्ड के पक्ष में नहीं है। भाजपा का सिर्फ एक ही काम प्रदेश को कोरोना मुक्त बनाना है। इसके लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 50,000 बूथों में स्वास्थ्य स्वयं सेवकों की नियुक्ति की जा चुकी है। ईश्वर न करे कि कोरोना की तीसरी लहर आए पर अगर आई तो बूथों के माध्यम से नियुक्त डेढ़ लाख स्वास्थ्य स्वयं सेवक लोगों की मदद करने को तैयार रहेंगे। इसके अलावा संगठन ने डॉक्टरों की टीम भी तैयार की है। भाजपा किसी आईफा अवॉर्ड के समर्थन में नहीं है। गौरतलब है कि संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने कल मिंटो हाल में आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि कोरोना खत्म होने के बाद सरकार आईफा अवार्ड के बारे में विचार कर सकती है।

कांग्रेस और राहुल के जीन्स में अंग्रेज

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शर्मा बे राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के बारे में हमेशा कहता आया हूँ कि इनका जीन्स अंग्रेजों से जुड़ा है। मुझे कहने में संकोच नहीं है। या तो ये हमारे धर्म पर आक्रमण करते हैं या उन सामाजिक संस्थानों पर जो देश दुनिया में केवल सामाजिक और सांस्कृतिक काम करते हैं। ये तो क्रांतिकारियों को नही छोड़ते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने तो सर्जिकल स्ट्राइक का प्रूफ मांगे थे। इनका जीन्स ही अंग्रेजों की तरह फूट डालो, राज्य करो की नीति का रहा है। देश ने इनके जीन्स को समझ लिया है। इसलिए कांग्रेस इस देश में समाप्ति की ओर अग्रसर है।

हमेशा चुनाव के लिए तैयार

उपचुनाव की तैयारियों को लेकर शर्मा ने कहा कि इलेक्शन कमिशन जब तय करेगा, हम तैयार हैं। बीजेपी 365 दिन 24 घन्टे काम करने वाला संगठन है। बूथ- बूथ पर हमारा कार्यकर्ता तैयार है। हमें चुनाव की चिंता नहीं, हम हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहते हैं।
share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved