भोपाल
वन मंत्री विजय शाह की जुबान शनिवार को उस समय फिसल गई जब खंडवा जिले के मांधाता विधानसभा क्षेत्र में वे कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। शाह ने बीड़ में कार्यकर्ताओं के बीच कहा कि मांधाता विधानसभा के सभी 264 पोलिंग बूथ में भाजपा नहीं जीतेगी। पार्टी के कार्यकर्ता इसके लिए पूरी ताकत लगा देंगे। बाद में जब इस बयान पर हंगामा मचा तो उन्होंने ओमकारेश्वर में इस मामले में सफाई दी और कहा कि कांग्रेसी इस पर खुश न हों, उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित है।
वनमंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेसी खुश न हों, उनके कहने से भाजपा हारने वाली नहीं है। शाह ने दावा किया कि मांधाता विधानसभा के एक भी बूथ से कांग्रेस जीतने वाली नहीं है। सभी पर भाजपा की जीत तय है। इसके लिए वे शर्त लगाने को भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी संगठन ने उन्हें मांधाता विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। महीने भर वे रात- दिन एक करके पूरे समर्पण भाव से भाजपा को जिताएंगे।
वायरल वीडियो पर वनमंत्री शाह ने सफाई देते हुए कहा कि वे अपने ससुर बागली के राजा कुँवर छतरसिंह के अस्थि विसर्जन के लिए ओम्कारेश्वर आए थे, इसी दौरान रास्ते में उन्होंने बीड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। यहाँ उन्होंने एक- एक भाजपा कार्यकर्ता से आह्वान किया है कि भाजपा को लोकसभा उपचुनाव में जीतने के लिए तन, मन और धन से जुट जाएं। मीडिया से बात करने के दौरान उन्होंने कहा कि हमनें कार्यकर्ताओं को बुलाकर कहा है कि एक भी पोलिंग बूथ से भाजपा न हारे। चूंकि, उन्हें निर्धारित समय 12.30 बजे तक ओम्कारेश्वर पहुंचना था। जल्दबाजी में जुबान फिसलने की वजह से मुँह से निकल गया कि एक भी बूथ से भाजपा न जीते। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम सब मिलकर भाजपा को जिताने के लिए रात- दिन एक कर रहे हैं। भाजपा का एक- एक कार्यकर्ता हर बूथ से भाजपा को जिताने के लिए प्रयासरत है और हम मांधाता से भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे। कांग्रेसी बात का बतंगड़ बना रहे हैं।

share