News Update :

शिवराज ने मांगी उज्जैन के लिए हवा में चलने वाली बस, गडकरी ने कहा, प्रस्ताव भेजो, एयरटैक्सी चला देंगे

भोपाल
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की डिमांड पर वे हवा में बस तो नहीं चला सकते लेकिन उज्जैन में फ्लाईओवर की जगह लाइट रेल और एयरपोर्ट की तरह बस पोर्ट भी बना सकते हैं। इसके लिए सीएम शिवराज मुझे प्रस्ताव भेजें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में 16, हिमाचल में 15 रोप-वे बना रही है। उन्होंने ऐलान किया कि इंदौर से हैदराबाद एक्सप्रेस हाइवे बनाया जाएगा जिसकी लागत 15 हजार करोड़ होगी। अगली बार इंदौर आने पर इसका भूमि पूजन करेंगे। ये एक्सप्रेस वे बुरहानपुर, जलगांव होकर नांदेड़ होते हुए हैदराबाद तक जाएगा। इसकी लंबाई करीब 768 किमी होगी।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने ये घोषणा उज्जैन में 5722 करोड़ की 534 किमी लंबी 11 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद की। शिलान्यास कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि अगले 5 साल में मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका की तरह होंगी। महाकाल की नगरी उज्जैन में एयर टैक्सी चलेगी। 30 से 40 किलोमीटर तक श्रद्धालु एयर टैक्सी के जरिए मंदिर जा सकेंगे। उन्होंने चंबल नदी में फ्लाइंग बोट चलाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली से मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में हम 12 हजार करोड़ रुपए का एक्सप्रेस हाईवे बना रहे हैं। यह हाईवे उज्जैन से मिलने के बाद उज्जैन से मुंबई 8 घंटे में, उज्जैन से दिल्ली 6 घंटे में पहुंच सकेंगे। 25 हजार करोड़ रुपए की लागत से मध्यप्रदेश में तीन ग्रीन एक्सप्रेस-वे हाईवे बना रहे हैं। 1 लाख करोड़ रुपए की लागत से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निर्माण कर रहे हैं। इसका काफी हिस्सा मध्यप्रदेश में है।


प्रदेश के सभी 52 जिले नेशनल हाईवे से जुड़े

 
केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2014 तक 5 हजार किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे। आज बढ़कर 9 हजार किमी हो गए हैं। सभी 52 जिले नेशनल हाईवे से जुड़ चुके हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री गडकरी और वीके सिंह (रिटायर्ड जनरल) ने महाकाल मंदिर में पूजा की। मंदिर के विस्तार के लिए 11 करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की। उज्जैन आने से पहले गडकरी का इंदौर एयरपोर्ट पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने स्वागत किया।


सीएम ने की ये डिमांड, केबल कार, बस चलाने का किया अनुरोध

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे केंद्रीय मंत्री गडकरी से बाबा महाकाल की नगरी को मास रैपिड ट्रांसपोर्ट से जोड़ने का अनुरोध करते हैं। हवा में केबल कार, बस के माध्यम से रेलवे स्टेशन से सीधे महाकाल मंदिर तक लोग पहुंच सकें। कुछ ऐसी सुविधा मिल जाए। राज्य सरकार ने अमरकंटक से अलीराजपुर तक नर्मदा एक्सप्रेस-वे बनाने का प्रोजेक्ट बनाया है। सड़क के दोनों ओर इंडस्ट्रियल क्लस्टर डेवलप करेंगे, टाउनशिप बसाएंगे। यह मध्यप्रदेश के ग्रोथ का इंजन होगा।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved