News Update :

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की दो टूक, निकाय चुनाव में भी नहीं चलेगा परिवारवाद

भोपाल

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दोटूक कहा है कि पार्टी में परिवार वाद नहीं चलेगा। यह सिर्फ लोकसभा, विधानसभा में ही नहीं बल्कि निकाय चुनाव में भी लागू होगा। नेताओं, विधायकों, सांसदों, मंत्रियों के परिजन ऐसे में संगठन में अपना योगदान दे सकते हैं। पार्टी ने इसे पालिसी के रूप में लिया है तो इसे लागू करने में पीछे नहीं हटेंगे।

निकाय चुनाव में नहीं चलेगा परिवारवाद का कार्ड

नड्डा ने कहा कि परिवारवाद के कंसेप्ट को समझना होगा। हमारा मानना है कि पिता अध्यक्ष, बेटा जनरल सेक्रेटरी, पार्लियामेंट्री बोर्ड में चाचा-ताया-ताई, यह परिवारवाद है। परिवारवाद की पार्टियों में PDP जम्मू कश्मीर, नेशनल कॉंग्रेस जम्मू कश्मीर लोकदल हरियाणा, शिरोमणि अकाली दल पंजाब, समाजवादी पार्टी उत्तरप्रदेश, राष्ट्रीय जनतादल बिहार, टीएमसी पश्चिम बंगाल, डीएमके तमिलनाडु, कर्नाटक में कुमार स्वामी की पार्टी है। महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी है। ये परिवारवाद के रिप्रेजेंटेटिव हैं। कोशिश है कि परिवार में पिता के बाद बेटा उसकी जगह ले ले, इसे रोका जाए। कार्यकर्ता और समाज के लोग इस विषय को उठाते रहते हैं। निकाय चुनाव में भी यह प्रिंसिपल लागू होगा।

2023 चुनाव शिवराज के नेतृत्व में लड़ने पर कहा...


शिवराज सिंह चौहान और वीडी शर्मा की जोड़ी के नेतृत्व में अगला विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। इस सवाल के जवाब में नड्डा ने कहा- यह प्रश्न बार-बार खड़ा क्यों होता है ? हम हर बार उखाड़ कर क्यों देखते हैं कि पेड़ लगा कि नहीं लगा। बाकायदा लगा हुआ है। ठीक ठाक पौधा चल रहा है। सब लोग काम में जुटे हुए हैं। शिवराज के नेतृत्व में अच्छी सरकार चल रही है। ठीक सरकार चल रही है। ये हम कह सकते हैं। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोनिया-राहुल को ED के नोटिस पर कहा- चेहरा गड़बड़ है और वे आईना साफ कर रहे हैं। कभी आपने देखा कि कोई मुजरिम बोले कि मैं बेईमान हूं। राहुल गांधी न तो इंडियन, न नेशनल, न कांग्रेस के रह गए हैं। कांग्रेस तो भाई-बहन की पार्टी है। वह तो लंदन जाकर बोलते हैं।

कांग्रेस और कमीशन साथ चलते हैं

नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को घेरते हुए कहा कि अब आप देखिए! कमलनाथ की सरकार रही कुछ समय, उन्होंने शिवराज सरकार की सारी स्कीम्स बंद कर दी, रोकने का काम किया। भ्रष्टाचार और बाकी सारी चीजें वो सिनोनीम हैं। कांग्रेस पार्टी और करप्शन ये साथ ही साथ चलती है, कांग्रेस और कमीशन ये एक साथ ही चलते हैं।तो यही संस्कार यही कल्चर डेवलप हुआ। मुझे खुशी है कि यह सरकार ने मध्य प्रदेश की तस्वीर बदलने में बहुत बड़ा योगदान दिया है लेकिन एक समय जब शिवराज ने पहली बार सरकार संभाली थी, तो उस समय आपका इरीगेशन शायद 7.5 लाख हेक्टेयर था।अब 43 लाख हेक्टेयर तक पहुँच गया है।

कमलपुष्प के 1397 नाम अकेले एमपी से

नड्डा ने कहा कि एक योजना हमारे यहां चली है कमल पुष्प योजना। ये भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी पार्टी है जिसकी भारतीय जनसंघ से लेकर चार पीढ़ियां खप गई, तो यहां पहुंचे हैं। ऐसे ही नहीं पहुंचे, चार पीढ़ियां खपाई हैं। उनको याद करते हुए जिन कार्यकर्ताओं ने काम किया। उसके लिए नमो ऐप पर एक कमल पुष्प पोर्टल है। उसमें देश के सभी ऐसे कार्यकर्ता जिन्होंने पार्टी के लिए अपना सर्वस्व दिया। उनकी जीवनी उस पर अपलोड की गई है। मुझे खुशी है कि यहां हम लोगों ने 1200 की संख्या तय की थी लेकिन आप (मध्यप्रदेश) क्रॉस कर 1397 हो गए। लगभग 50 हजार बूथ से छांट कर आपने 1397 कार्यकर्ताओं को अपलोड किया है। जो एक देश के लिहाज से देखा जाए तो एक बड़ी संख्या है जिसमें उन कार्यकर्ताओं को लिया गया है जिन्होंने 30-40 वर्ष लगाएं और  मीसा, डीआईआर में जेल मे रहे।


share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved