भोपाल/खरगोन
प्रदेश के खरगोन जिले में मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत नकली घी और खाद्य तेल पर जिला प्रशासन द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई है। यह कार्यवाही कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशन में एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, खाद्य आपूर्ति अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने की। कलेक्टर कुमार इस नकली घी और तेल के व्यापार पर करीब 15 दिनों से रेकी करवा रहे थे। शनिवार को सुबह 5 बजे पूरे दल को तैयार किया और छापामार कार्यवाही की।
खरगोन की भीकनगांव तहसील व मुख्यालय से करीब 15 किमी. दूर बमनाला गांव में निसार खान द्वारा नकली घी का कारोबार किया जा रहा था। यहां से लगभग 500 किलो नकली घी और लगभग 1700 लीटर खाद्य तेल पाया गया है। तेल के गोडाउन से मधुर, रुचि, दावत, कीर्ति आदि ब्रांड के पम्पलेट/रैपर्स और पेकिंग करने वाले बोतल या केन के ढक्कन आदि पाए गए। यहां मिस ब्रांड करके व्यापार किया जा रहा था।
बड़े-बड़े ब्रांड का तेल बनाया था गांव में
छापामार कार्यवाही में मिली सामग्री से पता चलता है कि खाद्य तेल के बड़े-बड़े ब्रांड बमनाला गांव में ही बनाये जाते हैं। सामग्री में करीब एक ट्रक विभिन्न आकार और रंग के ढक्कनों के साथ रैपर्स/पम्पलेट मिले हैं। ढक्कन जितनी संख्या में मिले उससे अनुमान लगाया जा सकता है कि करीब 500 केन पैक की जा सकती है। मौके से ऐसा पता चला है कि गोडाउन में नकली घी या तेल बनाकर सिर्फ चिपकाने का काम करते थे। कई तरह के केमिकल और गैस चूल्हा आदि सामग्री भी मिली है।डिप्टी कलेक्टर ओमनारायण सिंह ने बताया कि सुबह 5 बजे से बमनाला में प्रारम्भ हुई कार्यवाही में आगे जानकारी प्राप्त हुई जिसके आधार पर भीकनगांव में भी जांच शुरू की गई। यहां बस स्टैंड स्थित न्यू ईजी किराना स्टोर और गुलमोहर कॉलोनी स्थित नेशनल ट्रेडर्स की ताला तोड़कर जांच की गई। जब कार्यवाही के लिए दोनों स्थानों पर दल पहुँचा तो ताला लगा पाया गया। जानकारी कलेक्टर को दी गई। उनके निर्देशानुसार सीएमओ, थाना प्रभारी, एसडीएम और कार्यपालिका मजिस्ट्रेट सहित शहर के सदर की उपस्थिति में वीडियोग्राफी और पंचनामा बनाकर ताला तोड़ा गया। ताला तोड़ने के बाद दोनों स्थानों पर कुछ संदेहास्पद खाद्य सामग्री पायी गई। सभी की उपस्थिति में सीलबंद कर नोटिस चस्पा करते हुए सील किया गया। आगे की कार्यवाही प्रोपाइटर को सूचित कर उनकी उपस्थिति में ही की जाएगी।
केमिकल इतनी मात्रा में मिला कि 10 हजार लीटर नकली घी बनाया जा सकता है
कार्यवाही में शामिल डिप्टी कलेक्टर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बमनाला में नकली घी बनाने वाली फेक्ट्री से केमिकल इतनी संख्या में पाया गया कि जिससे लगभग 10 हजार किलो नकली बनाया जा सकता है।
share
