भोपाल।
राजधानी के वल्लभ भवन के सामने स्थित भीम नगर बस्ती में रविवार देर रात एक युवक की गला काटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक बस्ती में अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। यह बात यहां के युवकों को नागवार गुजरी और उन्होंने विवाद किया। विवाद के बाद मृतक युवक ने एक आरोपी को चांटा मार दिया, जिस पर गुस्साए तीन आरोपी युवकों ने युवक के गले में चाकू से हमलाकर उसका गला रेत दिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को नादरा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी हत्या कर शहर से बाहर भागने की जुगत में थे। मृतक युवक पहले भी महिला मित्र से मिलने बस्ती में आता रहता था।
अरेरा हिल्स थाना पुलिस के अनुसार मूलत: विदिशा निवासी भूरे सिंह पिता धारू सिंह राठौर (32) एमपी नगर स्थित हरिओम ब्वायज हॉस्टल में काम करता था और हॉस्टल में ही रहता था। इसी हॉस्टल में हरि मजार के सामने भीम नगर निवासी सुनीता लोहवंशी भी काम करती है। साथ काम करने के कारण भूरे सिंह और सुनीता में दोस्ती थी। लिहाजा भूरे सिंह का सुनीता के घर आना जाना था। रविवार रात भी भूरे सिंह सुनीता के घर पहुंचा था। वहां रहने वाले अमर को भूरे सिंह का सुनीता के घर आना पसंद नहीं था। रविवार रात करीब 11 बजे के आसपास अमर ने अपने साथी अभिषेक और अमन के साथ मिलकर भूरे सिंह को सुनीता के घर न आने की धमकी दी। इस पर तीनों से भूरे सिंह का विवाद हो गया। भूरे ने अमर को तैश में आकर एक चांटा मार दिया। इससे गुस्साए अमर ने चाकू से भूरे सिंह के गले पर हमला कर दिया। उसके दोनों साथियों ने मिलकर भूरे के हाथ पांव पकड़ लिए थे। चाकू का गहरा घाव लगने से काफी खून बह गया था। इसके बाद सुनीता भूरे सिंह को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चैक करने के बाद डॉक्टरों ने भूरे सिंह को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भूरे सिंह का शव पीएम के लिए भेज दिया था। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने सुनीता से पूछताछ की। सुनीता के बयानों के आधार पर पुलिस टीम ने तीनों के घर दबिश दी, लेकिन तीनों फरार हो चुके थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों अमर, अभिषेक और अमन को सोमवार सुबह करीब चार बजे नादरा बस स्टैंड से हिरासत में लिया।