भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार प्रयोग के तौर पर दो-दो मंत्रियों के समूह बनाकर उन्हें तीन जिलों की जिम्मेदारी देगी, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं, नागरिकों तथा प्रशासन के अधिकारियों से मिलकर विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन देखेंगे। ये मंत्री समूह विकास कार्यों पर भी नजर रखेंगे। चौहान ने कहा कि हमारे विरोधी पार्टी की छवि को खराब करने के लिए लगातार षड़यंत्र रच रहे हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से सतत जागरुक रहकर विरोधियों की गतिविधियों पर नजर रखना एवं उनके षड़यंत्रों का जवाब देना होगा।
सीएम चौहान ने ये बातें रविवार को राजधानी में प्रदेश कार्यालय में हुई पार्टी की कामकाजी बैठक में कहीं। इस बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि किसी का जन्मदिन मनाना उसकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा के लिए नहीं होता, बल्कि इसका उद्देश्य यह है कि हमारा विचार बढ़े, संगठन बढ़े। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश और समाज के सामने जो चुनौतियां आएंगी, उनका सामना सिर्फ सरकारों के बूते की बात नहीं होगी। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए संगठन यानी कार्यकतार्ओं को भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह बताया है कि कोई भी राजनीतिक दल अपने काम से लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकता है।
डिजिटल बूथों पर तकनीकी का अधिकतम उपयोग
पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि डिजिटल बूथों का हमें टेक्नालॉजी के साथ भरपूर उपयोग करना है ताकि हमारी मजबूती और बढ़े। उन्होंने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से हम कमजोर बूथों पर अपनी कमियों को दूर कर उसे कैसे मजबूत किया जाए, इस दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि नगरीय और ग्रामीण निकाय में बड़ी संख्या में हमारे कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि के रूप में चुनकर आए हैं। आने वाले दिनों में इनके प्रशिक्षण का कार्यक्रम होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया का बेहतर उपयोग करने की बात कही।
गुड गवर्नेंस के लिए देंगे प्रशिक्षण
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के साथ मिलकर पूरे प्रदेश को स्वाधीनता दिवस पर तिरंगामय बना दिया था, उसी तरह सेवा के इस पखवाड़े को भी सार्थक बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों को जिला और प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण देगी ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गुड गवर्नेंस ला सकें और जनता की सेवा कर सकें।
तीन दिन का प्रशिक्षण तय
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग आयोजित होगा। पार्टी के बूथ सशक्तिकरण अभियान में मध्यप्रदेश का 8 वां स्थान है। इसमें 74 प्रतिशत काम पूर्ण हो चुका है। जल्दी ही शेष बचे बूथों का काम भी पूरा कर लिया जाएगा। युवा मोर्चा के हरा भरा मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत 23 हजार पंचायतों में से 9 हजार से अधिक टोलियों का गठन पूर्ण हो चुका है। इस कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में पार्टी के हर कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।