भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 22 अक्टूबर को धनतेरस के दिन प्रदेश में एक साथ साढ़े 4 लाख गृह प्रवेश का कार्यक्रम है। पीएम आवास योजना में गरीबों को घर सौंपने के इस कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली जुड़ेंगे। इस दिन घर-घर, गांव-गांव दीपक जलें। सभी लोग जुड़ें। कार्यक्रम की विस्तृत रूप रेखा तैयार करें।
मुख्यमंत्री चौहान द्वारा कैबिनेट बैठक के पहले मंत्रीगणों से चर्चा में बताया गया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से अनेक अभियान शुरू हुए।
प्रधानमंत्री इस दिन मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात देकर गए। इस दिन अफ्रीका से चीते मध्यप्रदेश में लाये गए।
भारत मे चीता आना ऐसी घटना थी जिसने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद 11 अक्टूबर को महाकाल महाराज की कृपा से बने श्री महाकाल लोक का लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों से हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लाख लोग प्रतिदिन श्री महाकाल लोक परिसर में आ रहे हैं। श्री महाकाल लोक की व्यवस्था स्थाई रूप से चले, इसलिए कल मैं फिर उज्जैन जाऊंगा। हर गांव से लोग जल लेकर निकलें और रुद्रसागर में जल अर्पित करें। इसकी रूप रेखा बनाएं।
चौहान ने कहा कि कल गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में प्रारंभ करने की सामाजिक क्रांति की शुरुआत हुई। मैं कई ऐसे बच्चों को जानता हूँ जिन्होंने अंग्रेजी के चलते मानसिक रूप से परेशान होकर पढ़ाई छोड़ दी। अंग्रेजी के मिथक को तोड़कर नई सामाजिक क्रांति का उद्भव हुआ है। मैं मंत्री विश्वास सारंग और टीम को बधाई देता हूँ। दिन और रात टीम ने काम किया। इसकी पूरे देश मे अनुगूंज है।हमारी जिम्मेदारी है कि और गहराई में बैठकर अब चिंतन करें। हिंदी और अंग्रेजी वाले की मेरिट लिस्ट भी अलग बनाएंगे। एक बड़ा टास्क है सफल करना है।
share