भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव में मिली हार के मामले में जिला अध्यक्षों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मांडू में होने वाले पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग के 16 घंटे पहले पांच जिलाध्यक्ष को हटा दिया है और इनके स्थान पर नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं। हटाए गए जिला अध्यक्षों को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान दिया गया है। जो जिला अध्यक्ष हटाए गए हैं उसमें ग्वालियर और कटनी नगर निगम क्षेत्र मिली बीजेपी को हार वाले जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं। इसके अलावा भिंड में बीजेपी नगरीय निकाय में साफ हो गई है। गुना और अशोकनगर में भी बीजेपी का परफॉर्मेंस अपेक्षा के अनुरूप नहीं था।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने 5 जिलाध्यक्षों को हटा दिया है। हटाये गए जिलाध्यक्षों में भिंड, गुना, ग्वालियर नगर, अशोकनगर, कटनी के अध्यक्ष शामिल हैं। साथ ही जो नए जिला अध्यक्ष बने हैं
उनमें देवेन्द्र नरवरिया भिण्ड, अभय चौधरी ग्वालियर नगर, धर्मेन्द्र सिकरवार गुना, आलोक तिवारी अशोकनगर, दीपक सोनी (टंडन) कटनी के नाम हैं।
हटाये गए जिला अध्यक्ष भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त
जिन जिला अध्यक्ष को हटाया गया है उन्हें पार्टी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है।
नए प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों में नाथूसिंह गुर्जर भिण्ड, कमल माखीजानी ग्वालियर नगर, गजेन्द्र सिंह सिकरवार गुना, उमेश रघुवंशी अशोकनगर और रामरतन पायल कटनी को नियुक्त किया गया है।
मांडू में शुक्रवार से 3 दिन का मंथन, प्रशिक्षण वर्ग
भारतीय जनता पार्टी का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 7 अक्टूबर से पर्यटन नगरी मांडू में प्रारंभ होगा। प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन करती है। इसी दृष्टि से तीन दिवसीय प्रादेशिक प्रशिक्षण वर्ग 7 से 9 अक्टूबर तक धार जिले के मांडू में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ग में विभिन्न सत्रों पर वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। सबनानी ने बताया कि 7 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे उदघाटन सत्र में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद का मार्गदर्शन प्राप्त होगा जिसके पश्चात अलग अलग सत्रों में पार्टी नेता सत्र को संबोधित करेंगे। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक एवं विभागों के प्रदेश संयोजक उपस्थित रहेंगे।
ये नेता करेंगे मार्गदर्शन
तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में अलग-अलग दिन पार्टी नेताओं का मार्गदर्शन प्रशिक्षणार्थियों को मिलेगा। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे, डॉ. रामशंकर कठेरिया, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, मंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं डॉ. महेश शर्मा अलग-अलग सत्रों को संबोधित करेंगे।
share