News Update :

प्रदेश में सबसे बड़ी सुरंग सड़क बनकर तैयार, जानिए कहां बनी है, कब होगा लोकार्पण

भोपाल

 रीवा से सीधी के बीच प्रदेश की सबसे बड़ी सड़क सुरंग बनकर तैयार है। परीक्षण के लिए इस सुरंग से पिछले दस दिनों से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। इसका उद्घाटन दिसम्बर माह के प्रथम सप्ताह में किया जा रहा है। नेशनल हाइवे नम्बर 75 ई में मोहनिया घाटी में बनाई गई इस सुरंग से रीवा और सीधी के बीच में 7 किलोमीटर की दूरी घट गई है। आवागमन सुगम होने के साथ लगभग 45 मिनट के समय की बचत हो रही है। यह सुरंग आवागमन को सुगम करने के साथ पर्यावरण एवं वन्य जीवों के संरक्षण में भी सहायक सिद्ध होगी। मोहनिया घाटी में सुरंग बन जाने से आवागमन लगभग बंद हो जाएगा। इससे घाटी में रहने वाले छोटे-बड़े वन्य जीव स्वच्छंद रूप से विचरण कर सकेंगे। 

राष्ट्रीय सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा इसका निर्माण 1004 करोड़ रुपए की लागत से किया गया। इसका निर्माण कार्य 18 दिसम्बर 2018 को आरंभ हुआ। इसका निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा मार्च 2023 से 6 महीने पहले ही पूरा हो गया है।

6 लेन में 7 अंडरपास

मोहनिया घाटी में बनाई गई इस सुरंग की कुल लंबाई 2280 मीटर है। इसमें कुल 6 लेन हैं जिनमें से तीन आने के लिए तथा तीन जाने के लिए हैं। इन लेनों को आपस में 7 स्थानों पर जोड़ने के लिए अंडर पास दिए गए हैं। यदि कोई वाहन बीच से वापस लौटना चाहे तो सरलता से लौट सकता है। सुरंग के साथ घाटी से लेकर चुरहट तक 15.7 किलोमीटर की फोरलेन बाईपास सड़क का भी निर्माण किया गया है। रीवा की ओर सुरंग के शुरूआत बिन्दु पर रीवा का इकलौता सोलर पावर प्लांट स्थापित है। यह टनल दो बड़े निर्माण कार्यों का मिलन स्थल है।इसके साथ-साथ विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन के लिए दो हैलीपैड बनाए जाएंगे। वाहनों की पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा समारोह के लिए अन्य सभी तैयारियाँ की जा रही हैं।समारोह में केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए समस्त तैयारियाँ की जा रही हैं।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved