आगर मालवा जिले के कानड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष का नोटों की गडि्डयों के साथ एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस पर मंडल अध्यक्ष के 5 लाख रुपए की रिश्वत लेने की चर्चा हो रही है। वीडियो सामने आने के बाद पार्टी ने उन्हें मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया है। ये वीडियो कांग्रेस ने ट्वीट भी किया है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने अकाउंट से ट्वीट कर भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस ने लिखा- आगर में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश गोयल का पांच लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ है। आवेदक अजय नायक ने आरोप लगाया कि मंडल अध्यक्ष ने इनकी पत्नी की आत्महत्या मामले में पुलिस की कार्रवाई से बचाने के लिए यह राशि ली है। हालांकि, वेबसाइट इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
यह है पूरा मामला...
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कानड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश गोयल 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां लेते हुए दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि आगर के अरनीखेड़ा के रहने वाले अजय नायक पिता बने सिंह बंजारा की पत्नी ने सुसाइड कर लिया था। पुलिस केस से बचाने के लिए उसने भाजपा नेता राजेश गोयल से बात की थी। राजेश ने अजय से ससुराल पक्ष को देने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की। उसने राजेश को पहले 1 लाख 50 हजार रुपए दिए। इसके बाद बचे हुए रुपए भी दे दिए। इसके अलावा राजेश ने 75 हजार रुपए और मांगे। इस पर अजय और राजेश में विवाद हो गया। हालांकि मण्डल अध्यक्ष ने ली गई राशि रिश्वत होने से इनकार किया है।
उधर कानड़ मंडल अध्यक्ष राजेश गोयल का नोटों की गडि्डयां लेते वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष ने उन्हें गुरुवार देर शाम पद से हटा दिया। उन्होंने पत्र जारी करते हुए लिखा इस तरह का वीडियो वायरल होने के कारण पार्टी की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
