News Update :

PM मोदी बोले, इंदौर सिर्फ स्वच्छता की नहीं स्वाद की भी राजधानी, दुनिया में और बढ़ेगी भारत की ताक़त

भोपाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की ताकत आने वाले दिनों में और बढ़ने वाली है। दुनिया भर के लोगों में भारत के प्रति जिज्ञासा, क्यूरियोसिटी और बढ़ेगी। इसीलिए प्रवासी भारतीयों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आपके पास भारत की जानकारी जितना ज्यादा होगी, उतना अधिक भारत के बारे में बता पाएंगे। कल्चरल जानकारी के साथ भारत की प्रगति कीजानकारी आपके पास होनी चाहिए। आप जाएं तो उन्हें यहां के अनुभव के बारे में बताएं जिससे उन्हें यहां आने में आसानी होगी। भारत में सक्षम युवाओं की तादाद है। यहां के युवाओं में जरूरी जज्बा और ईमानदारी भी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ये बातें इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन के उद्घाटन के मौके पर कहीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत जी 20 समूह की अध्यक्षता भी कर रहा है और भारत इसे बड़े अवसर के रूप में देख रहा है। दुनिया के लिए भारत के अनुभवों से सीखने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि जी 20 समूह बैठक डिप्लोमेटिक इवेंट नहीं बल्कि जनभागीदारी का ऐतिहासिक आयोजन बनेगा। यहां 200 देशों के समूह आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय युवाओं में जितनी जिज्ञासा बढ़ेगी उतना ही भारत का गौरव, पर्यटन बढ़ेगा। प्रवासी भारतीय युवाओं में अपनी जड़ से जुड़ने की भावना बढ़ना जरूरी है। आप जहां रहते हैं वहां भारत को अपने साथ रखते हैं। भारत का कमिटमेंट है आप दुनिया में कहीं भी रहेंगे, देश आपके साथ रहेगा।

स्वच्छता के साथ स्वाद की राजधानी है इंदौर

पीएम मोदी ने कहा कि जिस शहर में है वह अपने आप में अद्भुत है। लोग कहते हैं कि इंदौर शहर है। मंै कहता हूं कि इंदौर एक दौर है। यह वह दौर है जो समय से आगे चलता है, फिर भी विरासत को समेटे रहता है। खाने पीने में इंदौर का जायका लाजवाब है। इंदौरी नमकीन, साबूदाने की खिचड़ी, कचौड़ी समोसे, जिसने भी देखा, उसके मुंह का पानी नहीं रुका और जिसने चखा उसने कहीं और मुड़कर नहीं देखा। इंदौर की छप्पन दुकान, सराफा भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसीलिए लोग इंदौर को स्वच्छता के साथ स्वाद की राजधानी भी कहते हैं। मुझे पता है कि वापस जाकर आप खुद तो इंदौर को नहीं भूलेंगे, साथ ही दूसरों को यहां के बारे में बताना नहीं भूलेंगे। मध्यप्रदेश में आदिवासी परम्परा, नर्मदा जल, जंगल, अध्यात्म इतना कुछ है जो प्रवासी भारतीयों की यात्रा को अविस्मरणीय बनाएगा। उज्जैन में महाकाल लोक परिसर का विस्तार हुआ है। आप वहां जाकर अनुभव का हिस्सा बनेंगे।

वसुधैव कुटुम्बकम का अहसास

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लिए पूरा संसार ही हमारा स्वदेश है। हमारे पूर्वजों ने इसी आधार हमारे सांस्कृतिक विस्तार को आकार दिया था। हमने सदियों पहले वैश्विक व्यापार की परम्परा शुरू की थी। ग्लोबल मैप पर जब करोड़ों प्रवासी भारतीयों को देखते हैं तो वसुधैव कुटुम्बकम के साक्षात दर्शन हो जाते हैं। दुनिया के किसी एक देश में जब लोग मिलते हैं तो एक भारत श्रेष्ठ भारत का अहसास होता है। इससे हमारे मदर आॅफ डेमोक्रेसी होने का गौरव भी बढ़ता है। जब विश्व आकलन करता है तो उसे सशक्त और समग्र भारत की आवाज सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों को हम राष्ट्र का दूत, ब्रांड अंबेसडर मानते हैं। चार साल के अंतराल के बाद यह कार्यक्रम हो रहा है। अपनों से आमने सामने की बात का महत्व अलग ही होता है। उन्होंने गुयाना के राष्ट्रपति मो. इरफान अली और सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के सुझावों पर अमल करने की बात भी कही। 

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved