भोपाल
पुलवामा हमले की बरसी पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह द्वारा किए गए ट्वीट पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की जांच होनी चाहिए कि देश और सेना के खिलाफ बोलने के लिए उनके मन में बीज कौन अंकुरित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए की भी जांच होनी चाहिए। एक ओर भारत जोड़ो यात्रा निकाली जाती है और उसमें शामिल भारत को तोड़ने वाले लोग होते हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को इसका जवाब देना होगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दिग्विजय की बुद्धि फेल हो गया है। यह उनकी बुद्धि का फेल्योर ही है कि वे सेना का मनोबल गिराने के लिए पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। एक पार्टी के नेता सेना का मनोबल गिराने के लिए लगातार बोल रहा है और कांग्रेस इस पर चुप्पी साधे है। गौरतलब है कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है कि आज हम सीआरपीएफ के 40 शहीदों को श्रद्धांजलि देते हैं, जो पुलवामा में खुफिया विफलता के कारण शहीद हो गए थे। उन्होंने इसमें लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी शहदों के परिवारों को उपयुक्त रूप से पुनर्वास किया गया होगा।