भोपाल
पृथक विन्ध्य प्रदेश के लिए भाजपा से बगावत का संदेश देकर नई पार्टी बनाने का ऐलान करने वाले मैहर विधायक 11 अप्रेल की रात हुई दुर्घटना में बाल-बाल बचे। इस घटना के बाद विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दुर्घटना की जानकारी दी और उस वाहन का फोटो भी वायरल किया जिसमें वे सवार थे और ट्रक की टक्कर के बाद उसके परखच्चे उड़ गए हैं।
विधायक त्रिपाठी ने बयान में कहा है कि वे 11 अप्रेल को सतना से विदिशा जाकर बागेश्वर बालाजी महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मिलने वाले थे। उनके साथ स्कार्पियो वाहन में चार लोग थे। सागर जिले के गढ़ा कोटा में उनका वाहन एक ट्रक से टकरा गया जिससे स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए लेकिन सभी लोग सुरक्षित हैं। विधायक त्रिपाठी और अन्य को पसलियों में आंतरिक चोटें आई हैं। त्रिपाठी ने कहा है कि बागेश्वर बाला जी श्री हनुमान के आशिर्वाद से वे और सभी सुरक्षित हैं। यह घटना उनके द्वारा सतना में पृथक विन्ध्य प्रदेश के लिए अलग से पार्टी बनाने का ऐलान करने के 48 घंटे के भीतर घटी है। उन्होंने कहा है कि वे विन्ध्य की जनता के लिए एक नए दल का गठन कर विन्ध्य की सभी तीस सीटों पर चुनाव लड़ेंगे लेकिन अगर उनकी सरकार पृथक विन्ध्य के लिए सहमत होती है तो वे अलग दल नहीं बनाएंगे।आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कैंसिल किया मैहर में कथा का कार्यक्रम
मैहर में बागेश्वर बालाजी धाम के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा की जाने वाली कथा का कार्यक्रम कैंसिल कर दिया गया है। आचार्य धीरेंद्र कृष्ण ने इस कथा के लिए मैहर विधायक को समय देने से मना कर दिया है और कहा है कि जनवरी में कथा कराएं। विधायक त्रिपाठी द्वारा मैहर में तीन मई से कथा कराए जाने की तैयारी थी।
इस कथा के लिए आचार्य धीरेंद्र कृष्ण से समय मिलने के बाद उन्होंने आधा सैकड़ा एकड़ क्षेत्र में पचास हजार लोगों के हिसाब से कथा सुनने और भोजन की व्यवस्था शुरू करा दी थी। इसके लिए टेंट लगाने और अन्य ठेके संबंधित कार्यों के लिए एडवांस पेमेंट भी दिया जा चुका है। इस बीच आचार्य धीरेंद्र कृष्ण द्वारा विधानसभा चुनाव के बाद कथा के लिए समय देने की बात कही गई जिसके बाद अब इस कथा का कार्यक्रम रोक दिया गया है।