News Update :

BJP की सबसे बड़ी ताकत हैं कार्यकर्ता, वोट बैंक वाले तुष्टिकरण में जुटे, हमारा काम संतुष्टिकरण का -PM मोदी

 भोपाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाजपा को सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने में मध्यप्रदेश की धरती की बहुत बड़ी भूमिका है। ऐसी धरती पर हो रहे मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम का हिस्सा बनने पर गौरव महसूस हो रहा है। केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर बूथ के कार्यकर्ता जो मेहनत करते हैं, दिन रात लगे रहते हैं। उसकी जानकारी लगातार उन तक पहुंचती रही है। विदेश में रहने पर भी आपके प्रयास की जानकारी मिलती रहती थी। इसलिए वहां से लौटने के बाद आप सबसे मिलना मेरे लिए ज्यादा सुखद है। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं। राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लिए देश ही सर्वोपरि है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के सवालों के जवाब भी दिए। 

सेवा ही एकमात्र माध्यम होता है

श्रीराम पटेल दमोह मध्यप्रदेश ने पीएम मोदी से सवाल किया कि आपने मंडल स्तर पर कार्यकर्ता बनकर काम किया है, ऐसे में आप राजनीति से सामाजिक जुड़ाव को कैसे देखते हैं? इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि बूथ की इकाई को कभी भी छोटा नहीं समझना चाहिए। बूथ में राजनीतिक कार्यकर्ता से भी ऊपर उठकर समाज के सुख दुख के साथी के रूप में अपनी पहचान बनानी चाहिए। बहुत से मामलों में जमीनी फीडबैक जरूरी होता है। पीएम, सीएम भी जो नीति नियम बनाता है वह कार्यकर्ता की जानकारी के आधार पर ही तय करता है। उन्होंने कहा कि हम गर्मी, सर्दी, बारिश में जनता के बीच जाकर खुद को खपाने वाले लोग हैं। उज्जवला योजना कार्यकर्ता की सोच और रिपोर्ट का ही परिणाम है। बूथ कमेटी की पहचान सेवा भाव की सेवा धारी की होना चाहिए। कार्यकर्ता की निरंतर कोशिश होनी चाहिए कि लोगों की मदद करते हैं। बूथ के अंदर सेवा ही एक मात्र माध्यम होता है। बूथ का मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने सेवा भाव के कई उदाहरण भी जवाब में दिए। जनता से जुड़े छोटे-छोटे काम करेंगे तो कोई परिवार ऐसा नहीं होगा जो आपसे नहीं जुड़ेगा। कार्यकर्ता से आगे बढ़कर आपकी पहचान समाजसेवक के रूप में बने, इसके लिए बूथ पर अपनी सक्रियता रखें। 

छोटे प्रयास दिखा सकते हैं बड़ा असर

एक अन्य सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि छोटे प्रयास भी बड़ा असर दिखा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गांवों में सोलर पावर का इस्तेमाल कराने पर जोर दें। भारत सरकार इसके लिए काम कर रही है। सोलर एनर्जी सस्ती भी है और आसानी से उपलब्ध भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता को गांव, कस्बे के हर बेटा-बेटी की पहचान कर उसे पूरी तरह की शिक्षित करने का काम करना चाहिए। इससे सेवा भी होगी और भाजपा का काम भी हो जाएगा। सरकार की योजनाओं से ज्यादा समाज की शक्ति मिल जाती है तो तेजी से विकास और सुधार होता है। 

गरीबों को मुसीबत से मुक्त करने का करना है काम

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है, बिहार के मोतिहारी जिले के कार्यकर्ता के सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य शत प्रतिशत कवरेज का है। एक योजना का लाभ जिसे मिला है उसे अन्य योजनाओं की पात्रता के आधार पर बाकी योजनाओं के लाभ से भी जोड़ा जा सकता है। यह काम भाजपा के बूथ कार्यकर्ता कर सकते हैं। गरीब को मुसीबत से मुक्त करने का लक्ष्य रखकर हमें काम करना है। सोशल मीडिया पर गांव का, बूथ का ग्रुप बना सकते हैं। नमो एप पर जानकारी दे सकते हैं। इनसे जुड़ने के बाद लोगों को सभी योजनाओं का पता लगेगा। जिस भाषा में समझते हैं, उस भाषा में जानकारी पहुंचा सकते हैं। तुलनात्मक तरीके से कोई बात बताएं तो ज्यादा समझ आता है। 

तुष्टिकरण और वोट बैंक के रास्ते पर नहीं चलना है

उत्तराखंड के चमोली से हिमांशी ने सामाजिक न्याय को सवाल किया जिसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ अपने दल के लिए जीते हैं। दल का ही भला करना चाहते हैं। भ्रष्टाचार, कमीशन खाने, मलाई खाने का हिस्सा मिलता है, इसलिए वे ऐसा करते हैं। यह तुष्टिकरण का रास्ता है जिसमें गरीब को गरीब बनाए रखने की राजनीति चलती है। वोट बैंक का यह रास्ता कुछ समय के लिए फायदा दे सकता है लेकिन देश में भेदभाव पैदा करता है। देश के लिए महाविनाशक बनता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने तय किया है कि हमें तुष्टिकरण और वोट बैंक के रास्ते पर नहीं चलना है। तुष्टिकरण नहीं हमारी राजनीति संतुष्टिकरण के रास्ते पर चल रही है। सामाजिक न्याय के नाम पर वोट बैंक के लिए काम करने वाले दलों ने गांव का और गरीब का सबसे अधिक नुकसान किया है।

तीन तलाक सही तो मुस्लिम देशों में बैन क्यों

यूपी की कार्यकर्ता द्वारा तीन तलाक को लेकर किए गए सवाल पर पीएम मोदी ने कहा जो भी लोग तीन तलाक की बात करते हैं वह मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय करते हैं। इससे सिर्फ बेटी ही नहीं बल्कि उसके आसपास का पूरा माहौल प्रभावित होता है। अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है तो पाकिस्तान, इंडोनेशिया, सीरिया, बांग्लादेश में क्यों नहीं होता है। मुस्लिमों को समझना होगा कि कौन से राजनीतिक दल उनको भड़का कर उनके आधार पर अपनी राजनीति का फायदा उठा रहे हैं। इसका इस्लाम से संबंध तो दुनिया का कोई देश तीन तलाक खत्म नहीं करता। इजिप्ट में 90% से ज्यादा सुन्नी मुसलमान है वहां 90 साल पहले तीन तलाक की प्रथा को समाप्त कर दिया गया। पष्मन्दा मुसलमानों के आज भी मुस्लिम समाज में पिछड़ा रखा जाता है उन्हें भेदभाव के जरिये पीछे रखा जा रहा है।

विपक्ष की छटपटाहट बता रही 2024 में फिर बनेगी बीजेपी सरकार

गुजरात की कार्यकर्ता द्वारा विपक्षी दलों की एकजुटता को लेकर बुलाई मीटिंग से संबंधित सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के विरोधी दलों की छटपटाहट बताती है कि 2024 में फिर से भाजपा की सरकार बनना तय है। इसलिए उन्होंने तय किया है कि चुनाव से कुछ महीने पहले, किसी भी तरीके से जनता को गुमराह करके, कुछ लोगों को घर बुलाकर झूठे आरोप लगाकर सत्ता हासिल की जाए। इसीलिए जो लोग एक दूसरे को पानी पीकर गाली देते थे, दिन रात कोसते थे। आज वे एक दूसरे को साष्टांग प्रणाम कर एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल विपक्षी नेताओं द्वारा हर बात में गारंटी की बात कही जा रही है। यह गारंटी भ्रष्टाचार और घोटालों की है। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों की सरकारों द्वारा किए गए घोटालों के जिक्र भी किया। साथ ही कहा कि यह मोदी भी एक गारंटी आपको देता है कि जितने भी घोटाले हुए हैं उन सभी घोटालों पर कार्यवाही की गारंटी मोदी की है। सभी घोटालों पर कार्यवाही करना मोदी की गारंटी में शामिल है।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved