मध्यप्रदेश में चुनाव की गर्माहट शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपना मास्टर स्ट्रोक खेला और मध्यप्रदेश में चुनाव की बागडोर अनुभवी, संगठन के मर्मज्ञ नरेंद्र सिंह तोमर के हाथ में सौंप दी है। इसका असर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का हौसला चरम पर पहुंच गया है और फिर मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार लाने के लिए कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है।
नरेंद्र सिंह तोमर का नेतृत्व चमत्कारिक नेतृत्व माना जाता है। यह पहले 2008 और 2013 में भी सिद्ध हो चुका है। पूर्ण बहुमत की भारतीय जनता पार्टी की सरकार लाने में उन्होंने जो महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाने के लिए विरोधी दल के लोगों को भी मजबूर कर दिया था। सहज, सरल, मृदुभाषी एवं कार्यकर्ता से सीधा जुड़ाव एवं संवाद उनके व्यक्तित्व की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उनकी सबको साथ लेकर चलने एवं आपस में सामंजस्य की बढ़ोतरी की मिसाल सब लोग देते हैं। पत्रकार जगत में भी वह बहुत लोकप्रिय हैं। उनके सभी पत्रकारों से गहरे व मधुर संबंध है। मध्य प्रदेश का ऐसा कोई कोना नहीं है जिससे वह वाकिफ नहीं हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री, भाजपा में राष्ट्रीय जवाबदारी हो या वर्तमान में मोदी सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन हो वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से काम करते रहे हैं। केंद्रीय नेतृत्व समय-समय पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देता रहा है, चाहे गुजरात में मुख्यमंत्री के परिवर्तन के समय केंद्र की तरफ से गुजरात जाना या आसाम जैसे महत्वपूर्ण राज्य में चुनाव की बागडोर संभालना हो, यह कहीं न कहीं पर लक्षित करता है कि केंद्रीय नेतृत्व पीएम मोदी या गृहमंत्री अमित शाह अथवा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सबका विश्वास नरेंद्र सिंह तोमर पर है। आज तक नरेंद्र सिंह तोमर को जो जवाबदारी केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दी गई उसमें वह 100% खरे उतरे हैं। अब मध्य प्रदेश की चुनाव की कमान नरेंद्र सिंह तोमर को इसी विश्वास पर केंद्रीय नेतृत्व द्वारा दी गई है और जिस तरह से उन्होंने आकर प्रदेश में कार्यकर्ताओं और नेताओं में एक नया उत्साह और उमंग भर दिया है उनकी वरिष्ठता एवं अनुभव का लाभ मध्यप्रदेश में भाजपा को मिलेगा। शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर और वीडी शर्मा की तिकड़ी मध्यप्रदेश में एक नया इतिहास रचेगी और फिर भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में सरकार बनाएगी, अब यह तय हो गया है।
(लेखक मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं)
share