News Update :

कमल, उषा, मीना, दीपक, रामपाल, सिसोदिया, कुशवाह समेत 28 पूर्व मंत्री, MLA को बंगले से बेदखली का नोटिस

भोपाल

मोहन यादव की सरकार में मंत्री बनने के बाद दो माह से बंगले का इंतजार कर रहे मंत्रियों के लिए अब सरकार ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। कई मंत्रियों को पूर्व मंत्रियों के नाम पर एलाट बंगलों का आवंटन भी कर दिया गया है लेकिन पूर्व मंत्री और विधायक गृह विभाग के नोटिस के बाद भी बंगले खाली नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब गृह विभाग के निर्देश पर संपदा संचालनालय ने ऐसे पूर्व मंत्रियों व विधायकों को बंगले से बेदखली का नोटिस जारी किया है। इन पूर्व मंत्रियों व विधायकों में कमल पटेल, उषा ठाकुर, मीना सिंह, दीपक जोशी, रामपाल सिंह, महेंद्र सिंह सिसोदिया समेत 28 नेताओं के नाम हैं। 

संपदा संचालनालय गृह विभाग की ओर से जारी नोटिस में पूर्व मंत्रियों और विधायकों से कहा गया है कि संबंधित पूर्व मंत्री व विधायक लोक परिसर का अनधिकृत उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में नियमों के मुताबिक उन्हें लोक परिसर से बेदखल किया जाने का प्रावधान है। इसलिए लोक परिसर (बेदखली) अधिनिय़म 1974 (क्रमांक 46 सन 1974) की धारा 4 की उपधारा (1) में प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए बंगला खाली न करने का कारण पूछा है और कहा है कि प्रस्तावित बेदखली आदेश को क्यों न अंतिम रूप में लागू किया जाए। इन सभी को पहले चरण में बेदखली के नोटिस में 29 फरवरी तक बंगला खाली करने के लिए कहा गया जिसकी अवधि खत्म हो गई है। 

एक और बेदखली नोटिस देने की तैयारी

इस मामले में गृह विभाग के अफसरों का कहना है कि जिन पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने बंगले खाली नहीं किए हैं, उन्हें पहले सात दिन का नोटिस दिया गया था और जब इसके बाद भी आवासों को रिक्त नहीं किया गया तो बेदखली का पहला नोटिस भेजा गया। अब दूसरा नोटिस एक बार और दिया जाएगा इसके बाद भी जिनके द्वारा बंगले खाली नहीं किए जाएंगे, उनके विरुद्ध बेदखली नियमों के अंतर्गत कार्यवाही की जाएगी। 

इन पूर्व मंत्रियों व विधायकों ने खाली किए हैं आवास

गृह विभाग के अनुसार जिन पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने नोटिस मिलने के बाद बंगले खाली कर दिए हैं उसमें ओपी सखलेचा, गिरीश गौतम, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, प्रेम सिंह पटेल, संजीव सिंह के नाम शामिल हैं। इसके अलावा बिसाहूलाल सिंह का बंगला भी खाली होने की जानकारी दी जा रही है। बाकी जिन पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने बंगले खाली कर भी दिए हैं, उनके द्वारा गृह विभाग को इसकी सूचना नहीं दी गई है, इसलिए विभाग इनके विरुद्ध बेदखली की कार्रवाई करने जा रहा है। 


इन पूर्व मंत्रियों, विधायकों को मिला बेदखली का नोटिस

पूर्व मंत्री/विधायक का नाम बंगला क्षेत्र

उषा ठाकुर बी-20, चार इमली

बिसाहू लाल सिंह बी-11, चार इमली

रामखेलावन पटेल बी-2, चार इमली

पारस जैन बी-12, चार इमली

दिलीप सिंह गुर्जर डीएन-2/17 चार इमली

भारत सिंह कुशवाह बी-22, चार इमली

कमल पटेल बी-10, चार इमली

ओपी सखलेचा बी-7, सिविल लाइन

नीरज दीक्षित डी-8, उपांत कालोनी

गिरीश गौतम बी-7, 74 बंगला

महेंद्र सिंह सिसोदिया बी-5, चार इमली

राजवर्धन सिंह दत्तीगांव कासियाना बंगला

बृजेंद्र प्रताप सिंह बी-28, 74 बंगला

प्रेम सिंह पटेल बी-19, 74 बंगला

अरविंद भदौरिया बी-20, 74 बंगला

ओपीएस भदौरिया बी-11, 74 बंगला

नर्मदा प्रसाद प्रजापति बी-9, 74 बंगला

मीना सिंह बी-27, 74 बंगला

इमरती देवी बी-10, 74 बंगला

संजीव सिंह सी-16, शिवाजी नगर

रवि जोशी सी-14, शिवाजी नगर

कांतिलाल भूरिया सी-1, 74 बंगला

रामपाल सिंह सी-15, शिवाजी नगर 

प्रभुराम चौधरी बी-25, 74 बंगला

प्रदीप जायसवाल बी-12 ए, 74 बंगला

रामकिशोर नानो कावरे बी-12 बी, 74 बंगला

बृजेंद्र सिंह यादव बी-17, 74 बंगला

दीपक जोशी बी-30, 74 बंगला


नोटिस पर बोले पूर्व मंत्री, विधायक

मुझे जो बंगला अलाट था वह मैंने पहले ही खाली कर दिया है। अभी नोटिस क्यों चस्पा है, इसकी जानकारी नहीं है। वैसे यह शासन की प्रक्रिया है। पहले यह मंत्री करण सिंह वर्मा को अलाट हुआ था जिसे उन्होंने मना कर दिया था। रही बात मेरी तो मैंने खाली कर दिया है।

-भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री

अभी बंगला खाली नहीं किया है। शासन की इच्छा है तो जल्दी ही खाली कर देंगे। सरकार के काम में पूरी तरह सहयोग करेंगे। 

-रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री

मुझे जो बंगला अलाट था वह मैं खाली कर चुका हूं और वह शायद किसी को अलाट भी हो गया है। 

-संजीव सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved