News Update :

आधी रात के बाद तबादले, मंत्री से पटरी नहीं बैठने पर IAS सचिन को भेजा लूपलाइन, जहां विवाद के बाद हटे थे हर्षल वहीं के कलेक्टर बने, IPS भी बदले

भोपाल

श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल के फैसलों को नजरअंदाज करना श्रम विभाग के प्रमुख सचिव सचिन सिन्हा को भारी पड़ा है और उन्हें सरकार ने राजस्व मंडल में पदस्थ कर दिया है। नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्रों में चौबीस घंटे सातों दिन बाजार खुले रखने के मामले में प्रमुख सचिव श्रम सिन्हा के कारण ही आदेश जारी नहीं हो पाया था और सीएम मोहन यादव की सहमति के बावजूद इसमें विवाद की स्थिति पैदा की गई जिसके बाद श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल सिन्हा से नाराज चल रहे थे। उधर अनूपपुर कलेक्टर बनाए गए हर्षल पंचोली विधायक और पूर्व मंत्री मीना सिंह के साथ विवाद के बाद अनूपपुर सीईओ जिला पंचायत के पद से हटाए गए थे और अब वहीं के कलेक्टर बनाए गए हैं। 

मई 2022 में मंत्री से विवाद के बाद छिना था सीईओ का पद, अब फिर वहीं कलेक्टर बने पंचोली

दो साल पहले पूर्व मंत्री और अनूपपुर जिले की प्रभारी मंत्री मीना सिंह के साथ बहस के बाद अनूपपुर जिले के सीईओ जिला पंचायत के पद से हटाए गए हर्षल पंचोली को मोहन यादव सरकार ने अनूपपुर कलेक्टर बनाया है। पंचोली को अनूपपुर से हटाने के बाद मंत्रालय में पदस्थ किया गया था। तब से पंचोली नगरीय विकास में उपसचिव समेत विभिन्न विभागों में पदस्थ थे। अनूपपुर में पोस्टिंग के दौरान मंत्री मीना सिंह ने पंचोली को सरपंचों की फाइल रोकने के मामले में घेरा था जिस पर पंचोली ने व्यक्तिगत आरोप बताते हुए मंत्री की बैठक का बहिष्कार कर दिया था।

एक बजे रात आईएएस, सवा दो बजे रात जारी हुई आईपीएस की सूची

मोहन सरकार में स्थानांतरित किए गए अफसरों में आईएएस की सूची रात एक बजे के बाद और आईपीएस की रात सवा दो बजे जारी की गई है। आधी रात के बाद किए गए तबादलों की जानकारी खुद अफसरों को आज सुबह पता चली। अब कलेक्टर और एसपी के पद पर पदस्थ किए गए अफसरों को सोमवार को ज्वाइन करने के निर्देश भी जारी हो गए हैं। 

राठी को एक माह के इंतजार के बाद मिला पद, आर्य को भी जिम्मेदारी

चुनाव के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रहे तरुण राठी को राज्य शासन ने लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद एक माह पहले मंत्रालय में अपर सचिव पदस्थ किया था लेकिन अब तक काम नहीं सौंपा गया था। अब राठी को आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं और आयुक्त खाद्य सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है वहीं सागर कलेक्टर के पद से हटाए गए दीपक आर्य को ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का सीईओ बनाया गया है। 

एक साल में मऊगंज से श्योपुर पहुंचे वीरेंद्र जैन

एक साल पहले 15 अगस्त 2023 के पहले नवगठित जिले मऊगंज के पुलिस अधीक्षक बनाए गए वीरेंद्र कुमार जैन को अब मोहन सरकार ने श्योपुर का नया एसपी बनाया है। विकास सहवाल को रायसेन एसपी के पद से हटाने के बाद रिक्त हुए रायसेन एसपी के पद पर पंकज कुमार पांडे पदस्थ किए गए हैं। अनूपपुर कलेक्टर के साथ सरकार ने अनूपपुर में एसपी जितेंद्र सिंह पंवार को भी हटा दिया है और मोती उर रहमान को नया एसपी बनाया गया है। नवगठित जिले पांढुर्णा में नए एसपी के रूप में सुंदर सिंह कनेश को पदस्थ किया गया है। 



share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved