News Update :

साढ़े पांच घंटे में पांच चौराहों पर उलझते रहे वाहन

इंदौर। पश्चिम क्षेत्र में सावन के तीसरे सोमवार कांग्रेस समर्थितों ने बाणेश्वर महादेव की सवारी निकाली। इसके चलते क्षेत्र के पांच चौराहों के साथ वैकल्पिक मार्ग पर 15 मिनट से लेकर 1 घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। साढ़े पांच घंटे में यात्रा ने अपना दो किलोमीटर का सफर तय कर फिर से निर्धारित स्थान पर पहुंची। प्रशासन तैयारी और आयोजकों के इंतजाम एक बार फिर कम पड़ गए। यात्रा की शुरुआत निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे देरी से सुबह 11 बजे बाणेश्वरी कुंड, बाणगंगा से हुई। यात्रा में मार्ग में करीब 80 मंच लगाए गए थे। झांकियां, घोड़ा, बग्घी के साथ नाचते-गाते लोग जैसे ही उज्जैन नाका पहुंचे, यातायात बाधित होना शुरू हो गया। करीब 20 मिनट यहां जाम की स्थिति बनी। 

मार्ग में पड़ने वाले महेश यादव नगर चौराहा पर 15 मिनट और बदला भट्टा चौराहा पर 20 मिनट तक वाहन उलझते रहे। बाणगंगा रोड पर एक तरफ यात्रा चल रही थी। इसके चलते दूसरी ओर से आवागमन की व्यवस्था की गई थी। आवागमन एक तरफ से होने के कारण वाहन चालकों को इस मार्ग से निकलने में खासी दिक्कत हुई। मरीमाता चौराहा पर यात्रा करीब 1.45 बजे पहुंची। यात्रा को यहां से महेश गार्ड की तरफ पहुंचने में सवा घंटे का समय लगा। इस दौरान मुख्य चौराहा पर बार जाम की स्थिति बनी। वृंदावन कॉलोनी चौराहा पर भी जाम की स्थति बनी। यादव नगर होते हुए शाम 4.30 बजे यात्रा पुनः बाणेश्वरी कुंड पहुंची। यात्रा में विधायक सुदर्शन गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष गोलू शुक्ला, पार्षद मुन्नालाल यादव, संजय शुक्ला, निरंजनसिंह गुड्डू आदि शामिल हुए। 

फिर फंसी एबुलेंस
यात्रा के चलते मरीमाता चौराहा पर 15 मिनट तक एबुलेंस फंसी रही। एम-11एल 0102 नंबर की एबुलेंस को व्यवस्था संभाल रहे कार्यकर्ताओं और प्रशासन के लोगों ने निकाला। बाणगंगा मेनरोड के डिवाइडर पर लगे पौधे भी कुचले गए।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved