भोपाल
राजस्थान के खाटू श्याम जी मन्दिर से दर्शन कर लौट रहे जीप सवार 8 लोगों की एक्सीडेंट में मौत हो गई। बताया जाता है कि इनके वाहन में पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मार दी जिसके बाद जीप ट्रेलर और पुलिया की दीवार में दब गई। जीप के चिपक जाने से शवों को निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।मृतकों में 2 महिला और 2 बच्चे भी शामिल हैं और ये एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र में हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी, एसडीएम, एएसपी और एसएचओ समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना में 4 घायल है। सभी घायलों को इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। हादसा नेशनल हाईवे 12 पर हुआ। बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर का परिवार खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहा था जो करीब 9:30 पर मंदिर से रवाना हुआ। परिवार के सभी सदस्य एक बड़ी जीप में सवार थे, जिसे पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
मुख्यमंत्री द्वारा सड़क दुर्घटना में नागरिकों की मृत्यु पर शोक व्यक्त
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में मध्य प्रदेश के नागरिकों के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह दुखद और हृदय विदारक घटना है। मुख्यमंत्री चौहान ने दिवंगत व्यक्तियों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। प्रभावित परिवारों की आवश्यक सहायता के निर्देश भी दिए गए हैं।
share