भोपाल
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव को सर्किट हाउस में रिसीव करने नहीं पहुंचे अनुविभागीय अधिकारी (SDO) जेएम तिवारी और कार्यपालन यंत्री (EE) हरिशंकर जायसवाल को निलंबित कर दिया गया है। दोनों को भोपाल अटैच किया गया है।
भार्गव सागर में 26 जनवरी को ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। एक दिन पहले रात 10 बजे भार्गव सागर सर्किट हाउस पहुंचे थे लेकिन प्रोटोकाॅल के तहत उन्हें रिसीव करने जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा था जबकि भार्गव के सागर आगमन की सूचना दोपहर में ही कलेक्टर कार्यालय को दे दी थी।
बताया जाता है कि सागर कलेक्टर ने मंत्री भार्गव को रिसीव करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (SDO) जेएम तिवारी और कार्यपालन यंत्री हरिशंकर जायसवाल की ड्यूटी लगाई थी लेकिन दोनों तय समय पर सर्किट हाउस नहीं पहुंचे थे। इससे नाराज होकर भार्गव अपने गृहनगर गढ़ाकोटा चले गए थे। हालांकि सुबह मंत्री तय समय से पीटीसी ग्राउंड पहुंचे और ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
मंत्री भार्गव की नाराजगी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने गुरुवार को प्रोटोकाॅल का उल्लंघन करने के आरोप में अनुविभागीय अधिकारी (SDO) जेएम तिवारी और कार्यपालन यंत्री हरिशंकर जायसवाल को निलंबित कर दिया है। आदेश के मुताबिक दोनों इंजीनियरों को पीडब्ल्यूडी मुख्यालय भोपाल में अटैच किया गया है।