पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा कोरोना को लेकर भारत पर की गई इस टिप्पणी पर बवाल खड़ा हो गया है जिसमें उन्होंने कहा है कि अब मेरा भारत महान नहीं मेरा भारत बदनाम हो गया है। विदेशों में लोग टैक्सियों पर नहीं बैठा रहे। नाथ के इस बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन पर और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला है।
मुख्यमंत्री चौहान ने इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सोनिया गांधी जवाब दें। क्या आप कमलनाथ के बयान से सहमत हो ? आपके मध्यप्रदेश का अध्यक्ष कह रहा है, ये भारत बदनाम है। कांग्रेस को लज्जा और शर्म नहीं आती। सत्ता जाने के बाद लगता है पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मानसिक संतुलन खो दिया है। शिवराज ने कहा कि जाको प्रभु दारुण दुख देहीं ताकी मति पहले हर लेहीं, विनाशकाले विपरीत बुद्धि वाली बात है। उन्होंने कहा कि भारत की गौरव गाथाएं सारे विश्व ने गाई है। इसी धरती पर जन्म लिया कमलनाथ ने और आज कह रहे हैं कि भारत बदनाम है।
क्या अपने देश को बदनाम कहना देश के साथ गद्दारी नहीं है ? क्या ये कांग्रेस की सोच है ? क्या स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू, स्वर्गीय इंदिरा गांधी वो ऐसी कांग्रेस चाहती थीं ? यही शिक्षा दी गई।
शिवराज ने सोनिया गांधी को निशाना बनाते हुए कहा कि मौन तोड़ना पड़ेगा, आप साफ करो या तो कमलनाथ गलत हैं तो उन्हें पार्टी से बाहर करो या फिर ये कह दो कि मैं कमलनाथ के बयान से सहमत हूं। ये वो कमलनाथ हैं जो कहते हैं कि प्रदेश में आग लगा दो। महासंकट से प्रदेश जूझ रहा है, देश जूझ रहा है। हम जनता के साथ मिलकर दिन और रात कोरोना संक्रमण रोकने में लगे हैं, कम करने में लगे हैं, लोगों की सेवा में लगे हैं, इलाज और दवाइयों के इंतजाम में लगे हैं लेकिन कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बेशर्मी से कह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नाथ ने मानसिक संतुलन खो दिया है संतुलन नहीं खोया तो इतनी विकृत दृष्टिकोण है, विचार है, ऐसा कांग्रेस का अध्यक्ष भारत का नागरिक कहलाने का हकदार नहीं है। इसकी जांच करवानी चाहिए या फिर सोनिया गांधी को उन्हें कांग्रेस से बाहर करना चाहिए, नहीं तो ये माना जाए कि सोनिया गांधी आप और आपके राहुल दोनों भी ये मानते हैं जो कमलनाथ मानते हैं, वह सही है।
दूसरी ओर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बयान में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का बयान कांग्रेस टूलकिट का हिस्सा है। ये उनका मानसिक दिवालियापन भी है। ये बयान इटली के इशारे पर दिया है या चीन के इशारे पर या फिर भारत के टुकड़े करने वाली पाकिस्तान परस्त ताकतों के इशारे पर बयान दिया गया है। अफजल-जेएनयू की तरह देशद्रोही बयान है। शर्मा ने कहा किजाहिर है बयान दुनिया में भारत को बदनाम करने के लिए दिया गया है। उधर गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आप ने भारत माता की बदनामी की है, आपका यह कृत्य माफी योग्य नहीं हैं।

share