भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन से राज्य सरकार जनकल्याण और सुराज अभियान शुरू करेगी। यह अभियान 7 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की भूमिका रहेगी और कमेटी के लोगों को इस अभियान में किए जाने वाले कामों की जानकारी जल्द दी जाएगी जिसकी मानीटरिंग का काम करना है।
सीएम चौहान ने ये बातें सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी के जिला, विकासखंड, वार्ड, पंचायत स्तर के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को पीएम मोदी का जन्मदिवस है। इसी दिन से अभियान शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही इसी दिन से वैक्सीनेशन का महाभियान भी सरकार शुरू कर रही है ताकि 30 सितम्बर तक सभी को पहला डोज लग जाए। केंद्र सरकार इसके लिए वैक्सीन उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 1.31 करोड़ लोगों को पहला वैक्सीन डोज लगाया जाना बाकी है और 72 लाख लोगों को दूसरा डोज लगना है। वैक्सीनेशन कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षा कवच है। इसलिए कमेटी के सदस्य अपने क्षेत्र में लोगों को जागरुक करें और नवाचारों के माध्यम से उन्हें वैक्सीन लगवााने और टीका केंद्र तक जाने के लिए प्रेरित करें।
सीएम चौहान ने कहा कि हर कमेटी पचास घरों की टोली बनाकर उन घरों तक पहुंचे जिनके यहां टीका नहीं लगा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ऐसे लोगों की सूची उपलब्ध करा देगा। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर सेंपल देने में विरोध करने की शिकायतें आई हैं। इसे भी रोकने का काम सदस्य समझाईश के माध्यम से करें। उन्होंने कहा कि वे खुद हर शुक्रवार को सेंपल देकर कोरोना टेस्ट कराते हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं हैं।
डेंगू से जंग के लिए भी हों तैयार
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में डेंगू गंभीर रूप ले रहा है। इसलिए डेंगू से जंग जनता के संग अभियान चलाना है। 15 सितम्बर को सभी सदस्य सुबह 10 से 10.30 बजे के बीच इसको लेकर जागरुकता अभियान चलाएं। वे खुद भी इस काम को करेंगे।