भोपाल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि सभी प्रदेश पदाधिकारी समूचे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के चेहरे के रूप में काम करते हैं। इसलिए हमारी भूमिका संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी के विचारों को आमजन तक पहुंचाने की भी होनी चाहिए। हमारे कार्य व्यवहार में भी इसकी झलक दिखनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि यह वर्ष कुशाभाऊ ठाकरे का जन्मशताब्दी वर्ष है। इसलिए पार्टी ने संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए कुछ काम करने की योजना बनाई है, जिनका क्रियान्वयन हम सभी को करना है।
राजगढ़ में पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक में संगठन पर्व की तैयारियों को लेकर शर्मा ने कहा कि यूथ फार नेशन और पालिटिक्स फार नेशन के लिए मध्यप्रदेश बीजेपी काम कर रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 दिसम्बर को पूरे प्रदेश में सामाजिक अभियान की शुरुआत की जाएगी जिसमें सभी सांसद, विधायक भी शामिल होकर अपनी भागीदारी निभाएंगे। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस को लेकर भी पार्टी ने कार्यक्रम तय किए हैं। इसके लिए सबको जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस बैठक को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने भी संबोधित किया।
संगठन का निर्माण छोटी-छोटी बातों पर अमल करके हुआ
भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा है कि संगठन का निर्माण ऐसे ही नहीं हो जाता, इसके लिए हर छोटी, छोटी बात को महत्व देना होता है और उस पर सार्थक अमल करना होता है। इसके बाद संगठन गढ़ने का काम होता जाता है और हमें आने वाले दिनों में संगठन को गढ़ने का काम करना है। आप लोगों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह सामान्य जिम्मेदारी नहीं है, उसके लिए संगठन गढ़ने वाले हमारे वरिष्ठ नेताओं के कामों और उनके विचारों को अमल में लाना होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस बैठक के समापन सत्र में शामिल होने के लिए राजगढ़ पहुंचेंगे। इसके पहले राजगढ़ में संस्कृति भवन में संगठन गढ़े चलो की थीम पर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का शुभारंभ बुधवार को हुआ।
