भोपाल
खरगोन जिले के बिस्टान थाने में पकड़ाए लूट के आरोपी बिसन की मौत का बवाल अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इसी पुलिस रेंज के खंडवा जिले में एक और आरोपी की पुलिस अभिरक्षा में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस अधीक्षक खंडवा विवेक सिंह ने आनन-फानन में कार्यवाही करते हुए थाने के प्रभारी सहित चार लोगों को निलंबित कर दिया है। वहीं घटना को देखते हुए थाने और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
एसपी विवेक सिंह ने बताया कि मोटर साइकिल चोरी के मामले में ओंकारेश्वर पुलिस दो लोगों को पकड़ कर लाई थी। दोनों आरोपी खरगोन जिले के बेडिया गांव के रहते वाले थे। इनमें से पूछताछ के दौरान किशन मानकर की मौत हो गई। इस मामले में ओंकारेश्वर थाने के कार्यवाहक निरीक्षक एवं प्रभारी गणपत मालवीय को निलंबित कर दिया गया है। वहीं थाने के एक एएसआई और दो आरक्षकों को भी निलंबित कर दिया गया है।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले पर कहा कि संदिग्ध परिस्थिति में किशन मानकर की मौत हुई है। किशन के भाई का बयान है कि चोरी के मामले को लेकर दोनों का थाने के कमरे के अंदर विवाद हुआ था। उसी दौरान किशन को सांस लेने में दिक्कत हो गई थी। इस मामले में 5-6 मोटर साइकिल भी बरामद हो चुकी हैं मामले की मजिस्ट्रयल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट और मजिस्ट्रियल जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
share