भोपाल
विधानसभा सचिवालय द्वारा दिए जाने वाले उत्कृष्ट मंत्री, विधायक, अधिकारी और पत्रकारों को दिए जाने वाले पुरस्कार इस साल से फिर शुरू होंगे। आठ मार्च को इन सम्मानों से पुरस्कृत होने जा रहे चयनित व्यक्तियों के नामों की घोषणा की जाएगी। वर्ष 2008 से ये पुरस्कार विधानसभा में नहीं बंट पाए हैं।
अध्यक्ष के पद पर एक साल पूरा होने पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने मीडिया से चर्चा करते हुए यह जानकारी दी। विधानसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मंत्री, विधायक, अधिकारी, प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों को सम्मानित करने के लिए उनके नामों की घोषणा विधानसभा के बजट सत्र मे बजट प्रस्तुति के बाद आठ मार्च को की जाएगी। मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों को उनके परफारमेंस के आधार पर यह पुरस्कार मिलेगा। उन्होंने बताया कि एक साल में उन्होंने कई नवाचार किए हैं। नए विधायकों के लिए एक पूरा दिन तय किया जिसमें प्रश्नकाल में उनके सभी 25 सवाल लिए गए। इसी तरह महिलाओं के लिए भी एक दिन तय कर उन्हें सवाल पूछने का मौका दिया गया। प्रश्नकाल में नया पैटर्न शुरु किया है। अब प्रश्नोत्तरी में लिखित सवाल और जवाब न पढ़ पूरक प्रश्न और उसके उत्तर लिए जाते हैं। इससे अधिक सवाल प्रश्नकाल में लेना संभव हुआ है। सभी पूर्व विधायकों को उन्होंने तीन मार्च को आमंत्रित किया है। इसमें उनकी समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण होगा। प्रोटोकाल और विशेषाधिकार समिति तथा पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति कल्याण से जुड़ी समितियों को अलग-अलग किया गया है। विधानसभा के निचले स्तर के अधिकारियों को 48 आवास आवंटित किए गए। सचिव और ऊपर के सभी अधिकारियों को वाहन उपलब्ध कराए हैं। विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्रियों और अध्यक्षों की तस्वीरे लगाई जाएंगी ताकि आमजन भी उन्हें देख सकें। इस मौके पर संसदीय कार्यमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने जो नवाचार किए हैं, वे मील का पत्थर साबित होंगे।

share