News Update :

शिवराज-गडकरी ने दी मालवा को 5722 करोड़ की सड़कों की सौगात

भोपाल
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महाकाल की नगरी उज्जैन में 5722 करोड़ रुपए की लागत वाली 534 किलोमीटर लम्बी 11 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में मालवा क्षेत्र को मिलने वाली सौगात से इस क्षेत्र के विकास में और तेजी आएगी।
इन परियोजनाओं से सम्पूर्ण मालवा-निमाड़ क्षेत्र का विकास होगा। तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों के लिए सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। उज्जैन-देवास औद्योगिक कॉरीडोर विकास के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों का भंडारण केन्द्रों के रूप में विकास होगा। यातायात सुगम हो जाने से नागरिकों के समय, ईंधन की बचत के साथ सफर भी सुरक्षित होगा।

कार्यक्रम में केन्द्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री डॉ.वीके सिंह, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, सांसद अनिल फिरोजिया, महेन्द्र सिंह सोलंकी, रोड़मल नागर, छतर सिंह दरबार और सुधीर गुप्ता शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान और केंद्रीय मंत्री गडकरी ने महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन और कोठी पैलेस के पास बने दिव्यांग पार्क का निरीक्षण भी किया। 


इन मार्गों का शिलान्यास बदलेगा तस्वीर

 
उज्जैन के राजीव नगर मकोड़िया आम चौराहे पर हुए कार्यक्रम में जिन 11 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया उनमें 842 करोड़ लागत के उज्जैन-देवास चार-लेन का चौड़ीकरण, 498 करोड़ लागत के उज्जैन-झालावाड़ दो-लेन पेव्ड शोल्डर के साथ सड़क निर्माण, 1352 करोड़ लागत के उज्जैन-बदनावर चार-लेन चौड़ीकरण, 240 करोड़ लागत के जीरापुर-सुसनेर (मप्र राज्य सीमा तक) दो-लेन पेव्ड शोल्डर के साथ सड़क निर्माण, 910 करोड़ की लागत के चन्देसरी से खेड़ाखजुरिया (उज्जैन-गरोठ) का चार-लेन निर्माण, 876 करोड़ की लागत से खेड़ाखजुरिया से सुहागडी (उज्जैन-गरोठ) का चार-लेन निर्माण, 823 करोड़ लागत के सुहागडी से बरदिया अमरा (उज्जैन-गरोठ) का चार-लेन निर्माण, 42 करोड़ लागत के जवसियापंथ से फतेहाबाद चंद्रावतीगंज मार्ग, 26 करोड़ लागत के बही-बालागुड़ा-अम्बाव-कनघट्टी-उगरान मार्ग, 36 करोड़ की लागत से बनने वाले बरोठा-सेमल्या चाउ मार्ग और 77 करोड़ लागत के भादवामाता सरवानिया महाराज-जावद-अठाना-ढाणी-सरोदा-चढ़ौल मार्ग शामिल हैं।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved