भोपाल
पार्टी लाइन से अलग हटकर पृथक विन्ध्य प्रदेश की मांग कर रहे भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने अब एक नया पत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा का भोपाल में अनावरण कराए जाने की मांग की है।
उन्होंने सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि पूर्व सीएम व कांग्रेस नेता स्व. अर्जुन सिंह केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री जैसे पदों पर रहे हैं। उन्हें राजनीति का चाणक्य कहा जाता था। वे विन्ध्य के गौरव व जन-जन के नेता रहे हैं। भोपाल के मेजर नानके तिराहे पर पहले उनकी प्रतिमा लगाई जाने वाली थी लेकिन सड़क चौड़ीकरण के चलते अनावरण के पहले उनकी प्रतिमा को व्यापमं चौराहे पर खड़ा किया गया है और अब तक यहां प्रतिमा का अनावरण नहीं किया गया है। विन्ध्य क्षेत्र का होने के नाते वे इस जानकारी से आहत हैं। त्रिपाठी ने लिखा है कि उनकी जानकारी में आया है कि नगर निगम के अफसरों ने मुख्यमंत्री चौहान से प्रतिमा अनावरण के लिए समय चाहा है और व्यस्तता के चलते अभी अनावरण टल रहा है। इसलिए सीएम से अनुरोध है कि कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए विन्ध्य के गौरव अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया जाए ताकि विन्ध्य के लोगों का सम्मान बरकरार रहे।
