News Update :

आज स्वच्छता पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड नहीं करने वाले निकाय स्वच्छ शहर काम्प्टीशन से होंगे बाहर

 भोपाल
प्रदेश के जो नगरीय निकाय स्वच्छता सर्वेक्षण संबंधी दस्तावेज आज शाम तक भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड नहीं कराएंगे वे देश भर में हो रही स्वच्छ निकाय सर्वेक्षण प्रतियोगिता से बाहर हो जाएंगे। ऐसे में एक मार्च से होने वाली केंद्र सरकार की टीम विजिट में ऐसे निकायों में दौरे नहीं किए जाएंगे। इसे देखते हुए नगरीय विकास विभाग ने सभी कलेक्टरों को पत्र लिखकर आज ही यह काम पूरा कराने के लिए कहा है।


नगरीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह ने सभी कलेक्टरों को लिखे पत्र में कहा है कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के सभी दस्तावेजों भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड कराने का काम शुक्रवार तक पूरा करा लें। इसके बाद भारत सरकार द्वारा स्वच्छता का मैदानी सर्वेक्षण जिलों में टीम भेजकर एक मार्च से कराया जाएगा। प्रमुख सचिव ने कहा है कि अब इस समय सीमा में किसी तरह का बदलाव नहीं होना है, इसलिए कलेक्टर ध्यान रखें कि निकाय के  द्वारा दस्तावेज अपलोड करने का काम 25 फरवरी यानी शुक्रवार तक हर हालत में कर लिया जाए अन्यथा वह निकाय स्वच्छता सर्वेक्षण प्रतियोगिता से बाहर हो जाएगा। प्रमुख सचिव ने कहा है कि निकायों में मुख्य नगरपालिका अधिकारी और निकाय के अन्य कर्मचारियों को प्राथमिकता से स्वच्छता सर्वेक्षण के काम के लिए ध्यान देने को कहा जाए क्योंकि अब ज्यादा समय नहीं है। साथ ही निकायों के सीएमओ और कर्मचारियों को फरवरी के बाकी बचे दिनों और मार्च माह में किसी अन्य काम में ड्यूटी पर न लगाया जाए। निकाय की स्वच्छता सर्वेक्षण परफार्मेंस की निगरानी इस दौरान की जाए। कलेक्टरों से कहा गया है कि स्वच्छता सर्वेक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इस वर्ष भारत सरकार के द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम के आधार पर जिले की रैंकिंग भी की जाएगी। इसलिए इसके लिए ऐसी तैयारी कराएं ताकि जिले की निकाय का देश में स्वच्छता के मामले में नाम हो।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved