News Update :

जहाँ पदस्थ था उसी थाने में SI पर बलात्कार का केस हुआ दर्ज, सस्पेंड भी हुआ

भोपाल 

उज्जैन में सब इंस्पेक्टर रहकर रौब झाड़ने वाले युवक पर उसी थाने में रेप का केस दर्ज किया गया है जहाँ वह पदस्थ रहा है। रविवार को एक महिला ने SI विकास देवड़ा के खिलाफ रेप, जान से मारने की धमकी और संपत्ति हड़पने की साजिश रचने का केस दर्ज कराया है। रात में ही थाने में काफी हंगामा भी हुआ। केस दर्ज होने पर SI माफी मांगने लगा। ASP आकाश भूरिया ने SI को सस्पेंड कर दिया है। मामला चिमनगंज मंडी थाने का है।

इंदौर की रहने वाली महिला रविवार रात पति के साथ चिमनगंज मंडी थाने पहुंची। यहां उसने लाइन में पदस्थ SI विकास देवड़ा पर आरोप लगाए। विकास पहले चिमनगंज थाने में ही पदस्थ था। एक महीने पहले ही उसे लाइन अटैच किया गया था। महिला ने आरोप लगाया कि 2 दिन पहले उज्जैन के राज रेसीडेंसी के फ्लैट नंबर 104 में देवड़ा ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। महिला ने देवड़ा पर पिछले एक महीने से रेप करने और पति को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। SI भी शादीशुदा है।

सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती

महिला ने बताया कि पति से विवाद होने के बाद वह अलग रहने लगी थी। इस बीच देवड़ा ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। महिला ने आरोप लगाए कि दोस्ती बढ़ने पर SI ने झांसे में लेकर वर माला डालने के फोटो ले लिए। इसके बाद सर्विस रिवॉल्वर की नोंक पर रेप किया। महिला ने ये भी कहा कि SI मेरी संपत्ति पर अधिकार जमाना चाहता था।

हाथ जोड़ता रहा SI विकास देवड़ा

रविवार रात SI विकास देवड़ा ड्यूटी पर था। जैसे ही उसे महिला के थाने पहुंचने की खबर लगी तो वह भी पहुंच गया। यहां कार्रवाई नहीं करने के लिए हाथ-पैर जोड़ कर माफी मांगता रहा। इस बीच महिला के पति ने भी देवड़ा को खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद रात को ही SI के खिलाफ केस दर्ज कराया।

महिला के कारण हुआ था लाइन अटैच

महिला और SI के बीच करीब एक महीने पहले शुरू हुई दोस्ती इतनी बढ़ गई थी कि महिला देर रात तक थाने में बैठी रहती थी। विकास ने महिला को आगर रोड स्थित राज रेसीडेंसी में घर दिलवा दिया था। इसकी शिकायत एसपी तक पहुंची। इसके बाद कुछ दिन पहले SI को लाइन अटैच कर दिया गया था। चिमन गंज पुलिस ने बताया कि विकास देवड़ा के खिलाफ धारा 376 सहित मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है। इसके साथ ही SI को सस्पेंड कर दिया गया है।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved