इंदौर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बुरहानपुर नगर निगम के इंजीनियर और प्रभारी कार्यपालन यंत्री सगीर अहमद को 50 हजार नकद और एक लाख रुपए का चेक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इसकी शिकायत सांई इंटरप्राइजेस रतलाम के प्रोप्राइटर सार्थक सोमाली ने की थी। 2 दिन पहले ही संजय मेहता यहां से तत्कालीन आयुक्त एसके सिंह को स्टे मिलने के कारण रवाना हुए थे और आज यह कार्रवाई हो गई। बताया जा रहा है निगमायुक्त के कहने के बावजूद इंजीनियर सगीर अहमद फाइल दबाकर बैठा था। तब ठेकेदार ने इसकी शिकायत लोकायुक्त में कर दी।
रतलाम की सांई इंटरप्राइजेस कंपनी के प्रोप्राइटर सार्थक सोमानी को नगर पालिक निगम बुरहानपुर से 21 लाख में वॉल पेटिंग का ठेका मिला था जिसके तहत शहर में जगह जगह दीवारों पर वॉल पेंटिंग की गई है। ठेकेदार का काम 28 फरवरी 2022 को ही पूरा हो गया था, लेकिन इंजीनियर और प्रभारी कार्यपालन यंत्री सगीर अहमद की फाइल निगमायुक्त तक भी नहीं भेज रहा था। इसके ऐवज में डेढ़ लाख रूपए रिश्वत मांगी गई। शुक्रवार दोपहर ढाई बजे लोकायुक्त की टीम ने इंजीनियर सगीर अहमद को 50 हजार नगदी और एक लाख रुपए के चेक के साथ नगर निगम कार्यालय से ही गिरफ्तार किया। टीम में लोकायुक्त डीएसपी डीएस बघेल सहित अन्य शामिल थे।
share