News Update :

कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को नीचे तक पहुंचाने वाले उपकरण, काम में क्वालिटी भी जरूरी-नड्डा

भोपाल

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कहा है कि हम अपने काम को सर्वस्पर्शी और समावेशी बनाएं, समाज के सभी वर्गों तक उसको पहुंचाने का काम करें। गांव, गरीब, शोषित, वंचित, दलित, पीड़ित, आदिवासी, महिला और युवाओं तक हमकों पहुंचना है और इनका सशक्तिकरण करना है। आपके कंधों पर जहां काम करने की जिम्मेदारी है। 

राजधानी के लाल परेड मैदान में भाजपा की वृहद प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि मैं एक बात जरूर कहूंगा कि काम करना और क्वालिटी का काम करना, इसकी तरफ हमेशा ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। यहां सभी लोगों के पास कोई न कोई पद भी है और दायित्व भी है। आप ही हमारी पार्टी को जमीनी स्तर तक ले जाने वाले और हमारी विचारधारा को नीचे तक पहुंचाने वाले बहुत बड़े उपकरण हैं। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मेरे कार्यकर्ता भाई-बहनों, व्यापारी, खिलाड़ी, आमजन, गरीबों और समाज के हर वर्ग के पास जाओ और भाजपा के कामों को बताओ। अगर आपने हितग्राहियों को संपर्क कर साध लिया तो कोई भी भाजपा को आने वाले चुनावों में हरा नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि जनता को आपने जोड़ लिया तो भाजपा की जीत तय है। हमें आने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में हर नगर निगम, नगर पालिका परिषद और सभी वार्डों में कमल खिलाना है। भाजपा को अधिक से अधिक वोटों से जिताने का संकल्प लेना है। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस मौके पर कहा कि मुझे अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को भाजपा संगठन से हार का डर दिखाई देता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष को हम सभी कार्यकर्ता आश्वस्त करते हैं कि पंचायत व निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक मतों से विजय होगी।

विरोधियों को भाजपा से मुकाबला करने चार पीढ़यां खपानी होंगी-नड्डा

इसके पूर्व भोपाल आगमन के बाद स्टेट हैंगर पर कार्यकर्ताओं के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं की बदौलत इस मुकाम पर है और अब भाजपा से मुकाबला करने के लिए दूसरे दलों को चार-चार पीढ़ियां खपानी पड़ेंगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। हमारे पास इसके लिए नीति भी है और नीयत भी है। भाजपा सबका साथ और सबका विश्वास लेकर चलने वाला दल है और इसीलिए देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

इस मौके पर नड्डा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिवराज के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आगे बढ़ते चलो, आगे चलते चलो और पूरी ताकत से काम पर जुटे रहो। उन्होंने कहा कि राजा भोज की नगरी भोपाल में हुआ उनका स्वागत व्यक्तिगत नहीं बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की विचारधारा का स्वागत है। यह सब कार्यकर्ताओं की बदौलत है।


share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved