जबलपुर/ भोपाल
जबलपुर में बूथ समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि वे चुनाव में किस आधार पर जनता से भाजपा के लिए वोट मांगेंगे। नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ता सिर्फ वोट मांगने के लिए जनता के बीच में न जाएं बल्कि लगातार संपर्क बनाए रखें और उनके सुख दुख में शामिल होकर परिवार का माहौल रखें। नड्डा ने कहा स्थानीय निकाय चुनाव भाजपा के लिए प्रेक्टिस है और विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इससे कार्यकर्ताओं ने साबित करके बताना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले 18 महीने में हर माह अपने क्षेत्र की जनता के बीच पहुंचें और उनके सुख-दुख शामिल हों। सिर्फ वोट मांगने के लिए जनता को बचाना स्वार्थ का भाव पैदा करता है और इस भाव से जनता से सीधा जुड़ाव कार्यकर्ता से नहीं होता।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा वीडी शर्मा, सांसद राकेश सिंह की मौजूदगी में केंट विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 106 की बैठक में नड्डा ने कहा कि हर बूथ के लिए एक व्यक्ति तय करें, हर व्यक्ति वोट लाने पर फोकस करें। ये लोगों के सम्पर्क में रहें और नाराज कार्यकर्ताओ की नाराजगी दूर करने का काम करें। कार्यकर्ता नाराज क्यों है? इसका कारण का पता लगाएं, किस व्यक्ति के कहने पर नाराजगी दूर होगी उसका पता कर इस पर फोकस कर काम करें। नड्डा ने कहा कि सभी जातियों के कार्यकर्ताओं को जोड़ें, महिलाओ की संख्या बढ़ाने का काम करें। मिशन 2023 का लक्ष्य तय करें। हर कार्यकर्ता को पद तो नहीं दिया जा सकता, इसलिए कार्यकर्ताओ को जिम्मेदारी दें, उन्हें चुनाव के लिए ट्रेनिंग दें। 18 माह 18 बार हर बूथ पर बड़े स्क्रीन लगाकर करें लोगों के साथ मन की बात करें।
share