भोपाल
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने भाजपा विधायक राहुल लोधी पर आरोप लगाया कि टीकमगढ़ जिला पंचायत के वार्ड 8 से प्रत्याशी जमुनी बाई पर नाम वापसी का दबाव बना रहे हैं। जमुनी गोखरई निवासी हैं। बल्देवगढ़ की पुलिस विधायक का साथ दे रही है। इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष ने एसपी टीकमगढ़ को भी शिकायत की है। राहुल लोधी की पत्नी उमिता ने नामांकन दाखिल किया है। राहुल लोधी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे हैं और उमिता बहू हैं। उमा भारती ने ट्वीट कर नामांकन दाखिल करने को लेकर कहा है कि अपने बड़े भाई के बेटे खरगापुर विधायक राहुल सिंह लोधी की जीवनसंगिनी उमिता सिंह लोधी के द्वारा जिला पंचायत सदस्य के चुनाव का फॉर्म भरने की जानकारी मिली है।उमिता एक उच्च शिक्षित बुद्धिमान महिला है, मैंने ही उसे राहुल के लिए पसंद किया था तथा मैं उसकी निजता का सम्मान करती हूं। भारतीय जनता पार्टी के अनुशासन का पालन करना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है, मुझे तो यह भी नहीं पता कि उमिता सिंह लोधी पार्टी की सदस्य हैं या नहीं हैं। इसलिए भारतीय जनता पार्टी उमिता की उम्मीदवारी के संबंध में अपने नियम के अनुसार ही फैसला ले।
टिकट बेचने का आरोप लगाने पर वाजपेयी को नोटिस देगी कांग्रेस
भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ पर टिकट बेचने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। यह आरोप भाजपा के प्रवक्ता हितेश वाजपेयी ने सोशल मीडिया के जरिए कमलनाथ पर लगाए हैं। अब हितैष वाजपेयी को कांग्रेस लीगल नोटिस देने जा रही है। वाजपेयी ने ट्वीट किया कि कमलनाथ ने इंदौर 5 करोड़, भोपाल 3.5 करोड़, सागर 3 करोड। आठ महापौर के टिकट बिक चुके हैं, केवल सूची जारी होना है। कांग्रेस में टिकट की सेल लगी है, पर शपथ पत्र सावधानी हेतु भरवाए जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा कि कांग्रेस की आवश्यक सूचना: नगर पालिका अध्यक्ष हेतु रेट 15 तारीख बाद खोले जाएंगे। तब पार्षद भी अपना-अपना दाम नोट करा सकते हैं। नोट पहले आओ बिक जाओ की तर्ज पर निर्ण होंगे।
वाजपेयी के इन दोनों ट्वीट के बाद प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस वाजपेयी को इस मामले में लीगल नोटिस देने जा रही है। कमलनाथ ने मानहानि का नोटिस दिए जाने की सहमति दे दी है। आज ही नोटिस बनाकर वाजपेयी को भेजा जाएगा।