पंचायत चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद जनपद और जिला पंचायतों में भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत के दावे दोनों ही दलों द्वारा किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जनपद पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत को लेकर जो दावे किए गए हैं उसके अनुसार 313 जनपदों में से 309 के परिणाम की जानकारी आ चुकी है और उसमें से 229 जनपदों में भाजपा का कब्जा है। चार जनपद की जानकारी से भाजपा ने इंकार किया है जो टीकमगढ़ जिले से संबंधित हैं। बीजेपी ने 6647 जनपद सदस्यों में से 3819 जनपद सदस्य भाजपा समर्थित होने का दावा किया है और कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्यों की संख्या 1798 बताई है। शेष 725 जनपद सदस्य निर्दलीय और अन्य दलों से बताए गए हैं। उधर कांग्रेस ने 167 जनपदों पर कब्जे का दावा किया है। इसी तरह 873 जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद दोनों ही दलों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के पदों पर अपनी-अपनी दावेदारी जताई है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के मुताबिक 44 जिलों में पार्टी समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय है, 8 जिलों में संघर्ष की स्थिति है लेकिन वहाँ भी हमारी कोशिश चल रही है जबकि कांग्रेस का दावा है कि 31 जिलों में उनके जिला पंचायत सदस्य जीते हैं और यहां कांग्रेस के जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगे। share