News Update :

BJP की महापौर तो भोपाल में बनेंगी कोआर्डिनेशन सड़कें, बिल्डरों के अवैध कब्जे हटाकर जोड़ेंगे कालोनियां

 भोपाल

भोपाल नगर निगम में भाजपा की महापौर निर्वाचित होने के बाद कालोनियों को आपस में जोड़ने के लिए कोआर्डिनेशन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही जिन बिल्डरों ने अवैध कब्जे कर रखे हैं, उनके कब्जे हटाकर एक कालोनी से दूसरी कालोनी में आवागमन सरल किया जाएगा। 12 मीटर या अधिक चौड़ाई की सड़कों पर प्रथम पंक्ति में व्यवसायिक उपयोग की अनुमति दी जाएगी। भाजपा ने सोमवार को जारी संकल्प पत्र में इसका उल्लेख किया है। संकल्प पत्र में कहा गया है कि भोपाल में गौशालाओं का निर्माण कराने के साथ गौ विश्राम घाट भी बनाए जाएंगे। शहर में सोलर सिस्टम लगवाने वाले लोगों को संपत्तिकर में रियायत दी जाएगी। इसके साथ ही निगम के आधिपत्य वाले पार्कों और भवनों में सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे। 

भाजपा की महापौर प्रत्याशी मालती राय के लिए पार्टी ने भोपाल नगर निगम के लिए संकल्प पत्र जारी कर दिया है। इस संकल्प पत्र में कहा गया है कि भोपाल में राजा भोज संग्रहालय की स्थापना की जाएगी। रानी कमलापति महल का पुरातत्व विभाग के सहयोग से कायाकल्प किया जाएगा और प्रतिवर्ष रानी कमलापति महोत्सव मनाया जाएगा। गौ-विश्राम घाट तथा गौशालाओं का निर्माण किया जाएगा। छोटे तालाब से खटलापुर तक स्टील केबल स्टे ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। निजी कालोनियों में बल्क नल कनेक्शन के स्थान पर व्यक्तिगत नल कनेक्शन (हाई राइज बिल्डिंग छोड़कर) प्रदान किया जाएगा। शहर में लीकेज के कारण पानी की बर्बादी न हो, इस दृष्टि से स्काडा के जरिये लीकेज रोके जाएंगे। संकल्प पत्र में कहा गया है कि कवर्ड मीट मार्केट का निर्माण किया जाएगा। पुरानी नवबहार सब्जी मण्डी की भूमि पर फल, फूल एवं सब्जी की आधुनिक मण्डी का निर्माण कराया जाएगा। भोपाल को वाटर प्लस शहर बनाने के लिए सुनियोजित रूप से कार्य किया जाएगा। कोकता ट्रान्सपोर्ट नगर एवं बाग सेवनिया में अत्याधुनिक बस डिपो का निर्माण किया जाएगा। लोक परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए सीएनजी बसों के संख्या बढ़ाई जाएगी। भोपाल नगरीय क्षेत्र के समस्त नागरिकों को राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। 

प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी की मौजूदगी में घोषित संकल्प पत्र में कहा गया है कि भोपाल नगर निगम की सभी इमारतों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। भारत माता मंदिर परिसर का निर्माण समय सीमा में पूर्ण किया जाएगा। नगर में आवश्यकतानुसार हॉकर्स कार्नर / चौपाटी विकसित की जाएगी। भोपाल के दशहरा मैदानों का यथोचित विकास एवं उन्नयन किया जाएगा। शहर के प्रमुख बाजारों को अत्याधुनिक और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। भोपाल के चिन्हित वार्ड्स को जीरो वेस्ट वार्ड बनाने का काम किया जाएगा। इसे चरणबद्ध रूप से शेष वार्ड में भी लागू किया जाएगा। पर्यावरण की दृष्टि से शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए ट्री सर्वे कराकर सुनियोजित रूप से पौधारोपण किया जाएगा। भवन स्वामी यदि अपनी छतों पर सोलर सिस्टम लगाते है तो ऐसे भवन स्वामियों को संपत्ति कर में रियायत दी जाएगी। भोपाल को स्वच्छता में देश का नम्बर 1 शहर बनाने एवं स्वच्छतम राजधानी का खिताब बरकरार रखने के लिए मिशन मोड में कार्य किया जाएगा। आवश्यकतानुसार शहर के विभिन्न पार्को में निर्माण किया जाएगा।

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved