शो के दौरान उनसे 25 लाख रुपए के लिए उनसे ये सवाल किया गया था कि तेलंगाना का रामप्पा मंदिर, जो एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है, इनमें से किससे अपना नाम प्राप्त करता है। इसके ये ऑप्शन थे - A: एक राजा B: एक पंडित C: एक सेनापति D: एक मूर्तिकार। संपदा ने इस सवाल का जवाब B. एक पंडित चुना जो गलत उत्तर था।
इससे पहले शो के दौरान चर्चा में अमिताभ बच्चन को पता लगा कि संपदा डिप्टी कलेक्टर हैं ताे उन्होंने कहा- अरे, आप ताे सरकार हैं। जिसको चाहे अंदर कर सकती हैं। संपदा ने ठहाके लगाते हुए कहा- नहीं सर, सरकार तो आप हैं। सवालों के उत्तर सुनकर अमिताभ बच्चन ने उनसे कहा कि कहां से इतना ज्ञान प्राप्त किया, जाते जाते हमें भी ज्ञान दे जाना।
अमिताभ बच्चन ने संपदा सर्राफ की अभिनेता सोनू सूद से बात कराई। इस दौरान सोनू सूद ने बताया कि किस तरह कोविड पीड़ितों की मदद में संपदा ने भी अहम भूमिका निभाई। डिप्टी कलेक्टर संपदा सर्राफ गुर्जर का चयन केबीसी के लिए हुआ था। करीब एक पखवाड़ा पहले कार्यक्रम की शूटिंग कर ली गई है। संपदा ने बताया कि चयन के बाद भोपाल में ऑडिशन हुआ। उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई बुलाया गया। वहां कार्यक्रम की शूटिंग हुई।
संपदा मूलतः एमपी के जबलपुर की निवासी हैं। उनके परिवार में कई अफसर हैं। एमपीपीएससी में चयन होने के बाद संपदा की पहली पोस्टिंग सिंगरौली जिले में हुई है। उनके पति शशांक सिंह गुर्जर प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी में एसडीओपी हैं। संपदा के पिता आदर्श सर्राफ उपसंचालक अभियोजन के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। माता नंदनी सर्राफ लाॅ ऑफिसर हैं। उनके ससुर जेएस गुर्जर कृषि विभाग भोपाल में डिप्टी डायरेक्टर हैं। सास आशा गुर्जर गृहणी हैं।