News Update :

जन सेवा अभियान में एक दूसरे के काम की मॉनिटरिंग करेंगे मंत्री, जानें 4 मिनिस्टर ग्रुप्स में कौन कहाँ शामिल

भोपाल

शिवराज सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के लिए 2-2 मंत्रियों के समूह द्वारा जिलों में भ्रमण के दौरान किए जाने वाले कामों की मॉनिटरिंग के लिए मंत्री समूह गठित किया गया है। यह मंत्री समूह भ्रमण के दौरान किए जाने वाले कार्यों के चिन्हांकन का काम करेगा। मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के मौके पर होने वाले कार्यक्रम के लिए भी मंत्री समूह बना है। सेवा पखवाड़े के दौरान होने वाली गतिविधियों को लेकर भी एक समूह बना है। सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के लाभार्थियों के सेचुरेशन को लेकर भी एक ग्रुप काम करेगा।

4 मंत्री समूह हुए गठित, ये मंत्री हैं शामिल

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इसके साथ ही 4 मंत्री समूह गठित किए जाएंगे। पहला समूह हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराने की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करेगा। समूह में मंत्री नरोत्तम मिश्रा, मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कमल पटेल, मंत्री बिसाहूलाल सिंह, मंत्री राम खेलावन पटेल, मंत्री अरविंद भदौरिया और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह शामिल होंगे। दूसरा समूह मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर उसका क्रियान्वयन करेगा। एक सप्ताह चलने वाला यह आयोजन प्रदेशवासियों का आनंद का प्रकटीकरण होगा।

 समूह में मंत्री भूपेंद्र सिंह, मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, मंत्री ऊषा ठाकुर, मंत्री मीना सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार, मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव और मंत्री हरदीप सिंह डंग होंगे।

तीसरा समूह जिलों के भ्रमण एवं संचालित गतिविधियों के संबंध में कार्य-योजना और आवश्यक समन्वय करेगा। समूह में मंत्री गोपाल भार्गव, मंत्री  तुलसी सिलावट, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री विजय शाह शामिल होंगे। चौथा समूह प्रधानमंत्री मोदी के जन्म-दिवस 17 सितंबर से आरंभ सेवा पखवाड़े में संचालित की जाने वाली गतिविधियों पर केन्द्रित होगा। समूह में मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव, मंत्री महेंद्र सिंह, मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर, मंत्री डॉ. मोहन यादव तथा मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा होंगे।

मंत्रियों को इन जिलों का जिम्मा

  इसी क्रम में 2-2 मंत्रियों के समूह जिलों के लिए बनाये गए हैं। सामाजिक न्याय मंत्री प्रेम सिंह पटेल तथा नगरीय विकास राज्य मंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया निवाड़ी, पन्ना और नरसिंहपुर, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल तथा राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत देवास, दमोह और उज्जैन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव और औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव जबलपुर, छिंदवाड़ा और राजगढ़ का दायित्व संभालेंगे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह सिवनी, छतरपुर और खरगोन, सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया और आयुष राज्य मंत्री रामकिशोर कावरे डिंडोरी, गुना, अलीराजपुर, रीवा तथा लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़, होशंगाबाद, इंदौर, बड़वानी तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और नवीन एवं नवकरणीय उर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग को भोपाल, सीहोर, दतिया और सागर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved