News Update :

मंत्री सिसोदिया ने मुख्य सचिव को बताया निरंकुश, थाना प्रभारियों के ट्रांसफर और प्रोटोकॉल अनदेखी से नाराज


भोपाल
प्रदेश के प्रशासनिक मुखिया और मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के खिलाफ शिवराज सरकार के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने मोर्चा खोला है। सिसोदिया ने गुना जिले में एक कार्यक्रम में प्रोटोकोल नहीं मिलने और शिवपुरी एसपी द्वारा थाना प्रभारियों के स्थानांतरण में उनसे अनुमति नहीं लेने के मामले में मुख्य सचिव को घेरा और उन्हें निरंकुश प्रशासक बताया है। मंत्री सिसोदिया ने मुख्य सचिव पर फोन रिसीव नहीं करने का आरोप भी लगाया है। गुना में दिया गया उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके साथ ही शिवपुरी एसपी द्वारा थाना प्रभारियों के तबादले के मामले में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को लिखा गया उनका पत्र भी सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें उन्होंने एसपी के खिलाफ शिकायत कलेक्टर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निज सचिव और एसीएस होम को भेजी है।

शुक्रवार देर शाम गुना में दिए गए एक बयान में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि "प्रदेशवासियों का सौभाग्य है कि हम सबको शिवराज सिंह जैसा व्यक्तित्व मिला, जो मध्यप्रदेश के ही नहीं, बल्कि भारत के सर्वोच्च मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री इतने अच्छे हैं, कि शायद उनसे अच्छा कोई न हो लेकिन मुख्य सचिव इकबाल सिंह जैसा अधिकारी जिसके बारे में मेरे पास शब्द नहीं हैं। पूरा निरंकुश प्रशासन और निरंकुशता अगर मैं किसी को इसका आधार बनाता हूं तो निरंकुश मुख्य सचिव को ही बनाता हूं। इतना अच्छा मुख्यमंत्री होने के बाद प्रशासन निरंकुश क्यों है, ये हमारा मुख्य सचिव ही बता सकता है। मेरी नाराजगी हर उस व्यक्ति से है जो हमारे पार्टी-संगठन के साथ काम नहीं करता। जो डूप्लीकेसी से काम करता है।

इस मामले में विवाद बढ़ने पर शनिवार को मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने यू-टर्न लेते हुए कहा कि मुख्‍यमंत्री से बात हुई है। काफी विस्तृत बात हुई है। अब कोई शिकवा-शिकायत नहीं है। सब कुछ नॉर्मल है। अब इस पर प्रतिक्रिया देने का कोई अर्थ नहीं है। मैं मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक मंत्री हूँ और जैसा आदेश मुख्यमंत्री का होगा, वैसा ही करेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो रहा है तो निश्चित रूप से अधिकारी के खिलाफ दंड होना चाहिए। उन्ही को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात मैंने कही है।

कांग्रेस ने ली चुटकी

कांग्रेस नेता नरेंद्र सलूजा ने इस पर चुटकी लेते हुए ट्वीट किया है कि मध्यप्रदेश के सिंधिया समर्थक केबिनेट मंत्री महेंद्र सिसोदिया प्रदेश के मुख्य सचिव से लेकर प्रशासन को निरंकुश बता रहे है…? साथ ही मुख्यमंत्री के बने रहने की कामना भी कर रहे हैं… मामला भारी गड़बड़ है… प्रदेश की भाजपा की राजनीति में भारी उठापठक के संकेत… खिचड़ी पकती जा रही है।
share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved