भोपाल
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने भोपाल प्रवास के दौरान लंबे समय से प्रतीक्षित निगम मंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद की शेष नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार इसी माह करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद माना जा रहा है कि अब दीपावली के पहले सेवा के पद चाहने की उम्मीद लगाए पार्टी कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके साथ ही संगठनात्मक बदलाव के भी संकेत मिले हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की जाने वाली नियुक्ति और विस्तार के बाद संगठन स्तर पर कुछ पदाधिकारियों के कामकाज भी बदले जाएंगे।
रातापानी सेंक्चुरी में शनिवार को दस घंटे तक हुई बैठक में संगठन महामंत्री संतोष ने साफ तौर पर कहा है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हर सीट जीतने की तैयारी अभी से करना होगी और इसके लिए अभिमान को किनारे रखकर हर कार्यकर्ता को सुनना होगा। किसी छोटे बड़े कार्यकर्ता की अनदेखी नहीं करना है। बैठक में हुए निर्णयों में मुख्य रूप से जो बात सामने आई है वह राजनीतिक नियुक्तियों से जुड़ी है। इसलिए अब मुख्यमंत्री चौहान जल्द ही निगम मंडल में नियुक्ति करने के साथ मंत्रिमंडल विस्तार करेंगे। संतोष ने इस मामले में केंद्रीय नेतृत्व की सहमति साफ कर दी है। इस बैठक में पार्टी के कई बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम भी तय किए गए हैं लेकिन अभी इसकी प्रक्रिया शुरू होने के पहले इसे सार्वजनिक करने से पार्टी नेता बच रहे हैं और कह रहे हैं कि जो प्लान तय हुए हैं, वह आने वाले समय में ही पता लगेंगे। बताया गया कि इस बैठक में बूथ स्तर पर कार्यक्रम चलाने को लेकर भी रणनीति बनी है और संगठनात्मक कामकाज के लिए जिन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है, उन्हें हर पल अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है।
मुरलीधर, वीडी पहुंचे इंदौर
कल दिन भर की बैठक के बाद प्रदेश भाजपा प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आज इंदौर में हैं। इंदौर में पार्टी कार्यालय में इन नेताओं ने वोकल फॉर लोकल, स्वाबलंबन और स्वच्छता जागरुकता अभियान के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दोनों ही नेता बड़ा गणेश से बीजासन माता मंदिर तक निकलने वाली विशाल चुनरी यात्रा में भी शामिल हुए। ये हरा भरा मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।