News Update :

शिवराज, उमा, बाबा रामदेव, डॉ प्रणव पंड्या आज करेंगे नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत

भोपाल 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गांधी जयंती से प्रदेशव्यापी नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और योग गुरु बाबा रामदेवी की मौजूदगी रहेगी। उमा भारती ने पिछले एक साल में प्रदेश में नशे के विरुद्ध कई प्रदर्शन और आंदोलन किए हैं। इसलिए इसमें उनको खासतौर पर बुलाया गया है। 

 राज्य स्तरीय कार्यक्रम भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर होगा। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र खटीक, श्रीराम चन्द्र मिशन के अध्यक्ष कमलेश पटेल दाजी, देव संस्कृत विश्वविद्यालय गायत्री परिवार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पण्डया, प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल, आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा आयोजित अभियान के अंतर्गत नशे के विरुद्ध समाज को जागरुक करने विशेष रूप से युवा वर्ग को नशीले पदार्थों की घातक स्थिति से अवगत कराने के लिए प्रदेश के प्रत्येक नगर और ग्राम में सभाएं तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें नशामुक्त हो चुके लोगों के अनुभव साझा करने के साथ-साथ नशे की ओर आकर्षित हो रहे व्यक्ति के प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी दी जाएगी। अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति केम्प लगाए जाएंगे तथा नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

अभियान में धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं सहित सेलीब्रिटीज का भी सहयोग लिया जाएगा। अभियान के अंतर्गत स्कूल, कॉलेजों में कार्यक्रमों के साथ-साथ वातावरण निर्माण के लिए विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। सभी जिलों में नशामुक्ति अभियान के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समितियों का गठन किया गया है।


share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved