News Update :

प्रदेश में 15 नवम्बर से लागू होगा आदिवासियों को अधिकार देने वाला पेसा एक्ट, शिवराज का ऐलान

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश के आदिवासी अंचल में 15 नवंबर से लागू किया जाएगा। 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती है। मध्य प्रदेश सरकार इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाती है और इसीलिए इसी दिन से पेसा एक्ट लागू करने का फैसला किया गया है। सीएम चौहान ने यह ऐलान राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के मानगढ़ हिल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा के दौरान अपने वक्तव्य में किया। इस एक्ट के लागू होने के बाद आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आदिवासियों को जीवन स्तर मजबूत बनाने के लिए और अधिक अधिकार मिलेंगे तथा रोजगार के साधन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि जनजातीय भाई-बहन स्वाभिमान के साथ जिएं, इसके लिए अनेक विकास गतिविधियाँ और कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के कई शहीद ऐसे थे, जिनका बलिदान सामने नहीं आ पाया। मानगढ़ में गोविंद गुरू ने अपने धर्म व संस्कृति की रक्षा के लिए अंग्रेजों की चुनौती को स्वीकार किया और 1500 से अधिक वीरों ने बलिदान दिया। प्रधानमंत्री मोदी का बलिदान स्थल पर स्मारक बनाने का निर्णय अभिनंदनीय है। मध्यप्रदेश से भी बड़ी संख्या में जनजातीय भाई-बहन मानगढ़ धाम को प्रणाम करने आए हैं। यह लोग मानगढ़ धाम की माटी से अपने भाल पर तिलक करें और इस बलिदानी माटी को अपने गाँव भी ले जाएं। यह बलिदान की धरती है। देश पर अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सदैव स्मरण किए जाएंगे।सीएम चौहान मंगलवार को सुबह इंदौर होकर राजस्थान के बांसवाड़ा स्थित मानगढ़ हिल पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करने के साथ सभा में भागीदारी की। इस मौके पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी मौजूद रहे। सीएम इसके बाद भोपाल लौटे।

बीमारू से सुचारू और अब आत्मनिर्भर बन रहा मध्यप्रदेश-शिवराज

इसके पहले मंगलवार सुबह शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन हमारी संस्कृति और उसके जुड़ाव का प्रतिबिम्ब है, अपनत्व का प्रकटीकरण है, मध्यप्रदेश निर्माण का संकल्प और विजन है। मध्यप्रदेश की निरंतर प्रगति और निर्माण ने हमारे आत्म-विश्वास को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए आनंदित होने और खुशियाँ मनाने का दिन है। उल्लास और उत्सव का अवसर है। यह स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव आयोजन का वर्ष है। कभी मध्यप्रदेश बीमारू था लेकिन अब हम तेज गति से आगे बढ़े हैं। इस साल मध्य प्रदेश की आर्थिक विकास की दर 19.76 प्रतिशत है। बीमार से सुचारू और अब आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मेरा मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के लोगों से यही प्रार्थना है कि मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की कृपा करें।



share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved