भोपाल
लोकायुक्त पुलिस ने भोपाल, जबलपुर, रीवा में राजस्व निरीक्षक, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक और पटवारी को 20,000, 30000 और 10000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। रीवा में पकड़ा गया पटवारी दूसरी बार घूस लेने के मामले में गिरफ्तार हुआ है।
गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस भोपाल ने आरआई को सीमांकन के रिश्वत लेते पकड़ा है। ग्राम सुआ खेड़ी थाना सांची जिला रायसेन में बृजेश चौकसे, उसके छोटे भाई और पिता के नाम से जमीन है। राजस्व निरीक्षक द्वारा 24 एकड़ जमीन के सीमांकन के लिए प्रति एकड़ 2000 के हिसाब से 48000 रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। इस पर बृजेश चौकसे निवासी श्रीजी टावर अशोका गार्डन भोपाल द्वारा की गई शिकायत के बाद आरोपी को ट्रेप किया गया है। 10 सदस्यीय ट्रैप दल गुरुवार शाम लगभग 6 बजे ग्राम सुआखेड़ी पहुँचा और आरोपी राजस्व निरीक्षक सैयद कौशर अली राजस्व निरीक्षक मंडल सांची को 20 हजार की घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
उधर बुधवार को की गई कार्यवाही के मामले में जबलपुर लोकायुक्त पुलिस के अनुसार मेर सिह निवासी ग्राम मगरधा जिला नरसिंहपुर के द्वारा एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की कि उनकी बहू पुष्पा लोरिया की बीमारी के दौरान मृत्यु हो गई। मृत्यु पूर्व बहू ने एक शिकायत दहेज प्रताड़ना को लेकर एसडीओपी कार्यालय गाडरवारा जिला नरसिंहपुर मे की थी। शिकायत की जांच एसडीओपी कार्यालय गाडरवारा में की जा रही थी। शिकायत जांच के दौरान मेर सिह को एसडीओपी कार्यालय बुलाया गया। एसडीओपी कार्यालय में पदस्थ एसडीओपी रीडर (ASI) संजय दीक्षित के द्वारा प्रकरण के निराकरण के लिए ₹ 65000 रिश्वत की मांग की गई। इसके बाद 23 नवम्बर 2022 को आरोपी संजय दीक्षित ASI को ₹ 30000 लेते हुए रंगे हाथों एसडीओपी कार्यालय गाडरवारा में पकड़ा गया।
इसी रीवा लोकायुक्त पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर अनुराग मिश्र निवासी रतहरा की शिकायत पर धीरज पान्डे पटवारी हल्का तहसील रीवा को बुधवार को ही 10 हजार रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। घटना स्थल तहसील परिसर आरोपी का कार्यालय है। आरोपी द्वारा निर्माण कार्य मे आपत्ति लगाकर रिश्वत की मांग की गई थी।
share