भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने पर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी भारत जोड़ने के लिए यात्रा कर रहे हैं या यात्रा से भारत तोड़ने वालों को जोड़ रहे हैं। सरेआम पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना। कांग्रेस को शर्म नहीं आती क्या...! कांग्रेस ने पहले भी देश को तोड़ा है। आज भी जिस तरह के लोग यात्रा से जुड़ रहे हैं। वो कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है। ये मानसिकता जोड़ने की नहीं, तोड़ने की मानसिकता है। जिन्होंने भी ये नारे लगाए हैं वो माफ नहीं किए जायेंगे। मैंने जांच के निर्देश दे दिए हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चौहान ने कहा कि वो खुद वीडियो डाल रहे हैं। बाद में खुद डिलीट कर रहें हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी कहां से आ गई। राहुल गांधी द्वारा संघ पर हमला किये जाने पर उन पर तंज कसते हुए शिवराज ने कहा कि मुझे लगता है कि उनकी मानसिक आयु बहुत कम है। अकल, बुद्धि का इस्तेमाल या तो है नहीं या फिर करते नहीं।
दुनिया जानती है संघ की स्थापना 1925 में हुई। हमारे जो क्रांति नायक हैं; चाहे भगवान बिरसा मुंडा हो या टंट्या मामा, 1900 से पहले इनका बलिदान हो गया था।
तब संघ था कहां..? यह संघ की बात कर रहे हैं। कौन भरोसा करेगा इन पर ?
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इसी मामले में कहा कि राहुल गांधी जो यात्रा कर रहे हैं उसमें पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, ये इस बात का सबूत है कि यह वही राहुल गांधी हैं जो जेएनयू में दिल्ली में भारत माता के टुकड़े करने वाले लोगों के समर्थन में खड़े होते थे। मध्य प्रदेश के दिग्विजय सिंह मोहन चंद्र शर्मा की शहादत पर प्रश्न खड़ा करते थे और जब भारत के सैनिकों का सर कलम करने वाले पाकिस्तान पर सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है.... तब राहुल गांधी पूछते हैं, इसका प्रूफ क्या है? यह सिद्ध करता है यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं.... यह भारत तोड़ने वाले लोगों का समर्थन करने वाली यात्रा है। राहुल गांधी यह देश आपसे पूछना चाहता है कि आपकी यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे क्यों लग रहे हैं? इसका जवाब आपको इस देश को देना पड़ेगा।
share