भोपाल
बीजेपी की प्रदेश पदाधिकारी के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद हटाए गए भोपाल जिले के अरेरा मंडल अध्यक्ष के बाद अब महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष पर भी कार्यवाही की गाज गिरने वाली है। संगठन की आपत्ति के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष ने महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष को पार्टी विरोधी गतिविधियों के मामले में स्पष्टीकरण मांगा है।
बीजेपी जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह को दिए नोटिस में कहा है कि उनके द्वारा लगातार पार्टी संविधान के विरुद्ध काम किए जा रहे हैं। दस दिसम्बर को सिंह द्वारा मंडल कोषाध्यक्ष के पद पर संगठन पदाधिकारियों से चर्चा किए बगैर नेता विशेष को उपकृत करने के लिए की गई नियुक्ति को गंभीरता से लिया गया है। इसके लिए जिला अध्यक्ष से सहमति नहीं ली गई।इसके अलावा भी अन्य नियुक्तियां जिला संगठन की सहमति के बिना की जा रही हैं। इसके पहले भी पार्टी संविधान के विरुद्ध काम करने पर नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा जा चुका है। कोषाध्यक्ष की नियुक्ति के मामले में तीन दिन में मंडल अध्यक्ष सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब से संतुष्ट न होने पर पद से हटाने की कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि कल ही प्रदेश संगठन ने भोपाल नगर के अरेरा मंडल अध्यक्ष मुकुल लोखंडे को पार्टी की प्रदेश पदाधिकारी के विरुद्ध अनर्गल टिप्पणी पर पद मुक्त करने का निर्णय लिया गया है।
