News Update :

200 पार की करें तैयारी, 51 प्रतिशत वोट BJP के खाते में लाएं कार्यकर्ता-नड्डा

 भोपाल

प्रदेश भाजपा कार्यालय का भूमिपूजन करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटें जीतने की तैयारी करें। इसके लिए जनता के बीच हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का काम कार्यकर्ता को करना है। सभी को मिलकर बीजेपी को 51 प्रतिशत वोट दिलाने का संकल्प दिलाना है। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने ये बातें रविवार को राजधानी में स्टेट हैंगर पर प्रदेश भर से आए भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत कार्यक्रम में कहीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में नड्डा ने कहा कि जिस तरह से मध्यप्रदेश के लोगों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया है उससे साफ दिखता है कि आने वाले चुनाव में पार्टी 200 पार सीटें जीतने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि यह सबकी तपस्या, कड़ी मेहनत, सेवा और समाज को आगे ले जाने के काम का नतीजा है। उन्होंने आह्वान किया कि जब इतने उत्साह से स्वागत किया है तो 200 पार सीटें लाने में कोई कमीन नहीं रखना है। राहुल गांधी का नाम लिए बगैर नड्डा ने कहा कि कुछ लोगों में अहंकार बड़ा और समझदारी छोटी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में दिए उद्बोधन में कहा कि नड्डा के नेतृत्व में पार्टी लगातार चुनाव जीतने का काम कर रही है। 

शिवराज सरकार की खुले दिल से प्रशंसा

नड्डा ने अपने उद्बोधन के दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार के सर्व समाज को आगे ले जाने के काम ही जीत का आधार बनेंगे। लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना समेत महिला सशक्तिकरण के लिए किए जाने वाले अन्य कामों और सर्व समाज के लिए होने वाले कामों पर शिवराज सरकार को बधाई देते हुए नड्डा ने कहा कि एमपी में सत्ता और संगठन में बेहतर तालमेल है। इसलिए अब कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सरकार के काम बताना होंगे। गांव, गरीब, महिलाएं और सर्वसमाज को पार्टी से जोड़ने का काम संगठन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को करना है। 

गांधी नगर मंडल में सुनी पीएम मोदी के मन की बात

नड्डा स्टेट हैंग से सीधे गांधी नगर मंडल स्थित सनसिटी बूथ केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। इसके बाद उन्होंने यहां बूथ विस्तारीकरण के लिए किए गए कामों की जानकारी बूथ पदाधिकारियों से ली। 

बीजेपी दफ्तर में कार्यक्रमों, गतिविधियों पर बारीक नजर

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने बीजेपी दफ्तर पहुंचकर वहां एक घंटे से अधिक समय तक केंद्रीय नेतृत्व की ओर से तय किए गए कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सत्ता और संगठन के बीच तालमेल को लेकर भी सीएम चौहान और प्रदेश अध्यक्ष शर्मा से बात की। साथ ही मंत्रियों के परफार्मेंस और उनकी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर नड्डा को जानकारी दी गई। 

भूमिपूजन के बाद बूथ अध्यक्षों को करेंगे संबोधित 

नड्डा रविवार को दिनभर भोपाल में रहने के दौरान पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय भवन के भूमिपूजन में शामिल होंगे। इसके बाद वे लाल परेड मैदान में प्रदेशभर के बूथ अध्यक्षों के कांफ्रेंस और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनका कुशाभाऊ ठाकरे हाल में प्रबुद्धजन संगोष्ठी का कार्यक्रम है। नड्डा शाम को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी लेंगे। भोपाल से रवाना होने के पहले नड्डा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के निवास भी जाएंगे। 

ग्रीन बिल्डिंग कांसेप्ट के साथ 400 वाहन एक साथ पार्क होंगे नए बीजेपी भवन में

एक लाख स्क्वायर फीट में बनने वाले प्रदेश भाजपा के नए कार्यालय भवन की डिजाइन को लेकर पार्टी की ओर से अभी खुलकर कुछ नहीं कहा जा रहा है लेकिन प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि यह दफ्तर आधुनिकतम सुविधाओं से युक्त होने के साथ सादगी भरा होगा। इसमें ग्रीन बिल्डिंग कांसेप्ट होगा और सौर ऊर्जा व रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी होगा। तीन संकुल में कार्यालय का निर्माण होगा जिसमें समर्पण, संकल्प और सहयोग संकुल होंगे। इस दफ्तर में 1005 लोगों के बैठने के लिए आडिटोरियम भी बनाया जाएगा। पार्किंग की दिक्कत को देखते हुए 10 मंजिला बनने वाले भवन में 400 वाहनों की पार्किंग सुविधा होगी। निर्माण के लिए बीजेपी के हर कार्यकर्ता से आर्थिक सहयोग लिया जाएगा। इसकी लागत सौ करोड़ रुपए से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। प्रस्तावित भवन की भूमि पर इसके पहले वर्ष 1991 में तत्कालीन मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के कार्यकाल में कार्यालय बनाया गया था। 

share

0 comments

Leave a Reply

Copyright 2015 MP Breaking News All rights reserved